एडिफाई वर्ल्ड स्कूल में छात्र नेतृत्व का हुआ सम्मान, इन्वेस्टिचर सेरेमनी में सौंपी गई जिम्मेदारियां
देहरादून। एडिफाई वर्ल्ड स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए इन्वेस्टिचर सेरेमनी का आयोजन गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह में विद्यालय की सीनियर एवं जूनियर प्रीफेक्टोरियल बॉडी का विधिवत गठन किया गया तथा नव-निर्वाचित छात्र-छात्राओं को नेतृत्व की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के निदेशक एडवोकेट डॉ. पंकज होलकर एवं प्रधानाचार्य प्रदीप गौड़ ने हेड बॉय, हेड गर्ल, स्पोर्ट्स कैप्टन, हाउस कैप्टन तथा प्रीफेक्ट्स को बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया।
नवनिर्वाचित छात्र-नेताओं ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेते हुए विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा ईमानदारी, समर्पण, सेवा भावना और नेतृत्व कौशल के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एडवोकेट डॉ. पंकज होलकर ने कहा कि सच्चा नेता वही होता है जो अपने आचरण, अनुशासन और सेवा भाव से समाज एवं राष्ट्र के लिए प्रेरणा बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों से सत्यनिष्ठा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ कार्य करते हुए जिम्मेदार नेतृत्व का परिचय देने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य प्रदीप गौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि नेतृत्व किसी पद का नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का दूसरा नाम है। उन्होंने कहा कि जो स्वयं अनुशासन का पालन करता है, दूसरों का सम्मान करता है और अपने कार्यों से प्रेरणा देता है।
वही वास्तविक नेता होता है। उन्होंने सभी छात्र-नेताओं को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए उत्कृष्ट नेतृत्व का परिचय देंगे।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यालय की सीनियर प्रीफेक्टोरियल बॉडी में अभिनव भट्ट को हेड बॉय, अन्वेशा सेमवाल को हेड गर्ल, पीयूष असवाल एवं प्रकृति थापा को स्पोर्ट्स कैप्टन बनाया गया।
वहीं विभिन्न हाउसों के लिए हाउस कैप्टन और प्रीफेक्ट्स की भी नियुक्ति की गई। जूनियर प्रीफेक्टोरियल बॉडी में अतिक्ष सूर्याल को हेड बॉय तथा सिद्धांता रावत को हेड गर्ल चुना गया, जबकि चारों हाउसों के लिए छात्र-छात्राओं को हाउस कैप्टन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने सभी नव-निर्वाचित छात्र-नेताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल नेतृत्व की कामना की।
विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि नई प्रीफेक्टोरियल बॉडी अपने अनुकरणीय कार्यों, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के बल पर विद्यालय का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
समारोह को विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व, आत्मविश्वास और सेवा भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।


