‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व’ थीम पर हेल्थ वॉक-रन, DIBNS में युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व’ थीम पर हेल्थ वॉक-रन, DIBNS में युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

देहरादून। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संचालित ‘100 Weeks नशा मुक्त युवा अभियान’ के तहत डॉल्फिन (पीजी) इंस्टीट्यूट ऑफ बायोमेडिकल एंड नेचुरल साइंसेज (डीआईबीएनएस), मांडूवाला में 1 अक्टूबर को ‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व’ थीम पर हेल्थ वॉक/रन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के निदेशक वी.के. नागपाल ने विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाकर की। इसके बाद डीआईबीएनएस परिसर और आसपास के क्षेत्र में जागरूकता रैली निकाली गई।

रैली में एनएसएस स्वयंसेवियों ने नशामुक्त भारत से जुड़े नारे लगाए और स्थानीय लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।

रैली के समापन के बाद 5 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनोज कुमार बैंसला और डॉ. रेणु पांडे ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और स्वयंसेवियों ने उत्साह के साथ इसमें हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्राचार्या डॉ. शैलजा पंत और IQAC समन्वयक डॉ. श्रुति शर्मा ने विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित भारत की आधारशिला हैं।

इस दौरान डॉ. युक्ति गुप्ता की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। एनएसएस इकाई-1 और इकाई-2 के स्वयंसेवियों समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।

आयोजन के माध्यम से युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का संदेश दिया गया।