SGRRU खेलोत्सव-2026 का रंगारंग समापन, मैनेजमेंट एंड कॉमर्स स्टडीज बना ओवरऑल चैंपियन
देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRRU) की छह दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता ‘खेलोत्सव-2026’ का सोमवार को रंगारंग कार्यक्रमों के बीच भव्य समापन हुआ।
28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित इस खेलोत्सव में विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों के हजारों छात्र-छात्राओं ने 15 खेल स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में सर्वाधिक पदक हासिल कर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स स्टडीज ने ओवरऑल चैंपियन की ट्रॉफी अपने नाम की।
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने खेलोत्सव के सफल आयोजन पर सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रतिभागियों, आयोजकों और विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
समापन समारोह का शुभारंभ गणेश वंदना की भक्तिमय प्रस्तुति के साथ हुआ। छात्राओं की आकर्षक प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद म्यूजिक विभाग के विद्यार्थियों ने जोश और उमंग से भरपूर गीतों की प्रस्तुति देकर समारोह को यादगार बना दिया।
मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति विपिन चंद्र घिल्डियाल ने कहा कि खेलोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही प्रतिस्पर्धा, सहयोग और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करता है।
शिक्षा के साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को संतुलित और बहुआयामी बनाती है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को ऐसा सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां वे शैक्षणिक और खेल दोनों क्षेत्रों में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकें।
विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार डॉ. सोनिका कंडारी ने कहा कि खेलोत्सव में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी विश्वविद्यालय की जीवंत और अनुशासित शैक्षणिक संस्कृति को दर्शाती है।
छह दिनों तक चले इस आयोजन में छात्र-छात्राओं ने खेल भावना, आपसी सहयोग और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी विभागों, फैकल्टी सदस्यों और विद्यार्थियों की सराहना की।
खेलोत्सव-2026 के सचिव एवं विश्वविद्यालय के खेल अधिकारी सत्य प्रकाश जोशी ने खेल रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं का विवरण दिया।
उन्होंने कहा कि खेलोत्सव केवल पदक और ट्रॉफी जीतने का मंच नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जो जीतता है, वह प्रेरणा बनता है और जो हारता है, वह सीखता है।
प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
खेलोत्सव की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 100 मीटर फर्राटा दौड़ के बालक वर्ग में स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के अंशुल बिष्ट ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि बालिका वर्ग में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स स्टडीज की पूजा अव्वल रहीं।
200 मीटर रिले दौड़ के बालक वर्ग में स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज की टीम ने जीत दर्ज की, जबकि बालिका वर्ग में स्कूल ऑफ नर्सिंग की टीम विजेता रही।
800 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स स्टडीज और बालिका वर्ग में स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज ने स्कूल ऑफ योगिक साइंस एंड नेचुरोपैथी को 25 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया।
वहीं, फैकल्टी क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के पथरी बाग और पटेल नगर कैंपस की टीमें आमने-सामने रहीं। डॉ. अरुण कुमार के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत पटेल नगर कैंपस ने फाइनल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
समापन अवसर पर डॉ. पुनीत ओहरी (चेयरपर्सन, खेलोत्सव-2026) ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, फैकल्टी सदस्यों और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन आकृति रावत ने किया।
इस अवसर पर डॉ. गणराजन, डॉ. आशीष कुलश्रेष्ठ, डॉ. राजेंद्र नेगी, डॉ. मंजुषा त्यागी सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, छात्र-छात्राएं और खेलप्रेमी मौजूद रहे।



