बिग ब्रेकिंग: कई चौकी प्रभारी बदले, थानों में भी नई तैनाती! SSP ने जारी की 36 दरोगाओं की तबादला सूची

कई चौकी प्रभारी बदले, थानों में भी नई तैनाती! SSP ने जारी की 36 दरोगाओं की तबादला सूची

रुद्रपुर। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने जिले में तैनात 36 उपनिरीक्षकों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं।

इनमें 30 पुरुष उपनिरीक्षक और छह महिला उपनिरीक्षक शामिल हैं। इस फेरबदल के तहत विभिन्न कोतवालियों, थानों और चौकियों में तैनात दरोगाओं की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। कई चौकी प्रभारियों को नई तैनाती दी गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को पुलिस कार्यालय में जिम्मेदारी सौंपी गई है।

महेश कांडपाल बने प्रभारी चुनाव सेल

जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक महेश कांडपाल को कोतवाली रुद्रपुर में द्वितीय वरिष्ठ उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी रमपुरा की जिम्मेदारी से हटाकर पुलिस कार्यालय में प्रभारी चुनाव सेल बनाया गया है।

वहीं, झनकट चौकी खटीमा के प्रभारी अशोक कुमार कांडपाल को कोतवाली आईटीआई भेजा गया है। जसपुर कोतवाली की सूत मिल चौकी के प्रभारी राजेंद्र प्रसाद को ट्रांजिट कैंप कोतवाली में वरिष्ठ उपनिरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।

कई चौकी प्रभारियों की बदली तैनाती

पंतनगर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक अशोक कुमार को काशीपुर की टांडा उज्जैन चौकी का प्रभारी बनाया गया है।

काशीपुर में तैनात नवीन बुधानी को किच्छा कोतवाली भेजा गया है, जबकि ट्रांजिट कैंप में तैनात मुकेश मिश्रा को कोतवाली आईटीआई स्थानांतरित किया गया है। दिनेशपुर थाने में तैनात प्रदीप भट्ट को जसपुर कोतवाली की सूत मिल चौकी का प्रभारी बनाया गया है।

रुद्रपुर कोतवाली में तैनात मोहन चंद्र जोशी को काशीपुर की प्रतापपुर चौकी भेजा गया है। दिनेशपुर थाने के लोकेश रावत और पंतनगर कोतवाली के दिनेश रावत को बाजपुर कोतवाली में नई जिम्मेदारी दी गई है। खटीमा कोतवाली में तैनात विजय सिंह बोहरा को रुद्रपुर कोतवाली की बाजार चौकी का प्रभारी बनाया गया है।

मनोज कुमार को खटीमा भेजा

रुद्रपुर की बाजार चौकी में तैनात संदीप शर्मा को किच्छा कोतवाली की दरऊ चौकी का प्रभारी बनाया गया है। नानकमत्ता कोतवाली में तैनात संजय विश्वकर्मा को सितारगंज की शक्तिफार्म चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, किच्छा कोतवाली में तैनात मनोज कुमार सिंह को खटीमा कोतवाली भेजा गया है।

छह महिला उपनिरीक्षकों के भी तबादले

एसएसपी की ओर से जारी सूची में छह महिला दरोगाओं की तैनाती में भी बदलाव किया गया है। रुचिका चौहान को जसपुर से काशीपुर, कुसुम रावत को बाजपुर से पंतनगर, नीलम मेहता को पंतनगर से कुंडा, संतोषी नेगी को खटीमा से सितारगंज, भूमिका पांडे को कुंडा से बाजपुर और प्रियंका टम्टा को बाजपुर से जसपुर कोतवाली स्थानांतरित किया गया है।

इसके अलावा बाजपुर, काशीपुर, खटीमा, दिनेशपुर, नानकमत्ता, पुलभट्टा समेत जिले के अन्य थानों में तैनात कई उपनिरीक्षकों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

एसएसपी अजय गणपति के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के बाद जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों की तैनाती का नया समीकरण तैयार हुआ है।

अब स्थानांतरित अधिकारियों को अपने नए तैनाती स्थलों पर कार्यभार संभालना होगा। हालांकि, तबादलों के पीछे किसी विशेष कारण का उल्लेख नहीं किया गया है।