बड़ी खबर: हरिद्वार से भाजपा का मिशन 2027 शुरू! राजनाथ सिंह ने दिए जीत के 9 मंत्र

हरिद्वार से भाजपा का मिशन 2027 शुरू! राजनाथ सिंह ने दिए जीत के 9 मंत्र

हरिद्वार। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं।

हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दूसरे दिन केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जीत के नौ मंत्र दिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और यह सरकार से नहीं, बल्कि संगठन की ताकत से चलती है। सेवा और समर्पण पार्टी का मूलमंत्र है। राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड में भाजपा संगठन को हिमालय की तरह अडिग बताते हुए कहा कि इसे कोई हिला नहीं सकता।

22 नवंबर को आयोजित कार्यसमिति की मुख्य बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और विधानसभा प्रभारी शामिल हुए।

बैठक में करीब 1800 नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के हरिद्वार पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इसके बाद राजनाथ सिंह ने कार्यसमिति को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ जुटना होगा।

केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर विशेष जोर दिया गया।

सात मोर्चों को एक-एक लाख सदस्य जोड़ने का लक्ष्य

कार्यसमिति के पहले दिन 21 नवंबर को पार्टी के सभी सात मोर्चों और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के लिए लक्ष्य सौंपे गए।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि भाजपा के प्रत्येक मोर्चे को एक-एक लाख नए लोगों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। इस तरह सातों मोर्चों के माध्यम से सात लाख लोगों को संगठन से जोड़ने की योजना है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि सदस्यता अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाया जाएगा। युवा, महिला, ओबीसी और अनुसूचित वर्ग सहित समाज के सभी वर्गों तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

पार्टी की मंशा है कि संबंधित वर्गों के मोर्चे ही अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को भाजपा से जोड़ें। अन्य राजनीतिक दलों के संपर्क में रहने वाले लोगों को भी संगठन से जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

इसके साथ ही दिसंबर के अंत तक जिलों में मोर्चों और ब्लॉक स्तर तक कार्यसमिति की बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इन बैठकों के जरिए संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने की तैयारी है।

धामी बोले- भाजपा के चेहरे पर लड़ा जाएगा चुनाव

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और संगठन साल के 365 दिन चुनाव के लिए तैयार रहता है। प्रदेश कार्यसमिति से कार्यकर्ता नए उत्साह और ऊर्जा के साथ लौटेंगे।

उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुख, शक्ति केंद्र, मंडल और सभी मोर्चों को मजबूत करते हुए भाजपा को प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक सशक्त बनाया जा रहा है। सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना भी कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर धामी ने मुस्कुराते हुए कहा कि चेहरा भाजपा होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं की ताकत के दम पर प्रचंड बहुमत के साथ फिर सरकार बनाएगी।

बांसुरी स्वराज ने जताया तीसरी बार जीत का भरोसा

भाजपा की प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने कहा कि उत्तराखंड में डबल इंजन की सरकार अभूतपूर्व विकास कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा के पक्ष में जनादेश देगी।

उनके मुताबिक, कार्यसमिति की बैठक में आगामी चुनाव को लेकर सकारात्मक और पारिवारिक माहौल में विस्तृत चर्चा हुई। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया।

2027 के लिए संगठन को चुनावी मोड में लाने की कवायद

दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को भाजपा की 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठक में जहां केंद्रीय नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया।

वहीं प्रदेश संगठन ने सदस्यता अभियान, बूथ प्रबंधन और मोर्चों की सक्रियता के लिए लक्ष्य निर्धारित किए हैं।

लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ भाजपा अब संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है। हरिद्वार की इस बैठक के जरिए पार्टी ने उत्तराखंड में अपने चुनावी अभियान का स्पष्ट संकेत दे दिया है।