बड़ी खबर: मां की विदाई पर छलके योगी आदित्यनाथ के आंसू, बेटे ने दिया अर्थी को कंधा

मां की विदाई पर छलके योगी आदित्यनाथ के आंसू, बेटे ने दिया अर्थी को कंधा
  • हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर होगा अंतिम संस्कार

हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। शुक्रवार को पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में उन्होंने अंतिम सांस ली।

मां के निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पहुंचे और मां के अंतिम दर्शन किए। इस दौरान संन्यासी और सख्त प्रशासक की छवि से इतर योगी आदित्यनाथ एक भावुक बेटे के रूप में नजर आए।

मां के पार्थिव शरीर के सामने उनकी आंखें नम हो गईं। इसके बाद उन्होंने स्वयं आगे बढ़कर मां की अर्थी को कंधा दिया। यह भावुक दृश्य देखकर वहां मौजूद परिजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों की आंखें भी छलक उठीं।

मां को अंतिम विदाई देते समय भावुक हुए योगी, अर्थी को दिया कंधा

मां सावित्री देवी के निधन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गहरे शोक में हैं। शुक्रवार को पंचूर स्थित पैतृक आवास पहुंचकर उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कुछ देर तक वह मां के पार्थिव शरीर के पास खड़े रहे। इस दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

जब मां की अंतिम यात्रा शुरू हुई तो योगी आदित्यनाथ ने स्वयं उनकी अर्थी को कंधा दिया। एक मुख्यमंत्री और संन्यासी के रूप में अपनी अलग पहचान रखने वाले योगी का यह भावुक रूप देखकर पूरा गांव गमगीन हो गया। पंचूर की गलियों में मां को अंतिम विदाई देने के लिए ग्रामीण और रिश्तेदार जुटे रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां के साथ अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए ‘मां… ॐ शांति’ लिखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर होगा अंतिम संस्कार

सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर गंगा तट स्थित श्मशान घाट में किया जाएगा। पंचूर गांव की परंपरा के अनुसार पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार ले जाया जा रहा है।

अंतिम यात्रा पंचूर से लक्ष्मणझूला-कांडी मोटर मार्ग होते हुए बैराज के रास्ते हरिद्वार पहुंचेगी। प्रशासन ने नमामि गंगे घाट पर अंत्येष्टि की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। उनके आगमन को देखते हुए घाट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। वीआईपी अतिथियों के बैठने के लिए पंडाल और अन्य व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

सीएम धामी समेत कई बड़े नेता और संत पहुंचेंगे

सावित्री देवी की अंत्येष्टि में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और संत समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भी अंतिम संस्कार में पहुंचने की जानकारी है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई वरिष्ठ नेताओं के भी पहुंचने की संभावना जताई गई है।

पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उनके निधन की सूचना के बाद से ही पंचूर स्थित पैतृक आवास पर रिश्तेदारों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों का पहुंचना जारी है।

91 वर्ष की उम्र में हुआ निधन, लंबे समय से थीं अस्वस्थ

सावित्री देवी 91 वर्ष की थीं। वृद्धावस्था से जुड़ी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते उनकी तबीयत अक्सर खराब रहती थी। उन्हें उपचार के लिए कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अस्पताल पहुंचकर अपनी मां के स्वास्थ्य की जानकारी लेने गए थे।

योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का वर्ष 2020 में 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। अब मां सावित्री देवी के निधन से परिवार ने एक और बड़ी क्षति झेली है।

मां को कंधा देने पर क्या बोले अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष?

योगी आदित्यनाथ के संन्यासी होने और नाथ संप्रदाय से जुड़े होने के बीच मां की अंतिम यात्रा में शामिल होने और अर्थी को कंधा देने को लेकर भी चर्चा हो रही है।

इस पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवीन्द्र पुरी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ भी एक बेटे हैं और मां के अंतिम संस्कार में शामिल होना अच्छी बात है।

उन्होंने कहा कि मां साक्षात देवी और महादेवी का स्वरूप होती हैं। शंकराचार्य ने भी अपनी मां को कंधा दिया था और उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे। योगी आदित्यनाथ स्वयं विद्वान हैं और सनातन के प्रहरी हैं। पूरा सनातन समाज उनके साथ खड़ा है।

उत्तराखंड के पंचूर से है योगी आदित्यनाथ का गहरा नाता

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव के रहने वाले हैं। उनका बचपन इसी गांव में बीता।

संन्यास लेने के बाद भले ही उनकी कर्मभूमि उत्तर प्रदेश बन गई, लेकिन उत्तराखंड के अपने पैतृक गांव और परिवार से उनका भावनात्मक जुड़ाव हमेशा चर्चा में रहा है।

मां सावित्री देवी के निधन से पंचूर गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मां को अंतिम विदाई देते समय योगी आदित्यनाथ की नम आंखों और अर्थी को कंधा देने के दृश्य ने हर किसी को भावुक कर दिया।