बड़ी खबर: मसूरी की सियासत में 40 लाख का बवंडर, गामा ने खोला मोर्चा। पर्दे के पीछे के चेहरों का करेंगे खुलासा

मसूरी की सियासत में 40 लाख का बवंडर, गामा ने खोला मोर्चा। पर्दे के पीछे के चेहरों का करेंगे खुलासा

मसूरी। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मसूरी की सियासत में पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा को लेकर विवाद गहराता जा रहा है।

लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी और दुकानों से जुड़े आरोपों के बाद अब गामा ने खुलकर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए इसे अपनी राजनीतिक और सामाजिक छवि खराब करने की साजिश करार दिया है।

गामा ने दो टूक कहा कि यदि जांच में उनके खिलाफ लगाए गए आरोप सही साबित होते हैं तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। वहीं, आरोप लगाने वाले लोग गलत साबित हुए तो उनके खिलाफ मानहानि समेत आपराधिक मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

40 लाख रुपये के आरोपों पर उठाए सवाल, 23 लाख के भुगतान का दावा

मसूरी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुनील उनियाल गामा ने 40 लाख रुपये की कथित देनदारी के आरोपों पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी धनराशि का दावा करने वाले व्यक्ति को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि इस रकम का आधार क्या है। गामा ने दावा किया कि उन्होंने संबंधित व्यक्ति को नौकरी दिलाने के साथ दुकान भी उपलब्ध कराई थी।

पूर्व मेयर के मुताबिक, इससे पहले भी उन्हें ब्लैकमेल करने का प्रयास किया गया था और इस प्रकरण में 23 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है।

इससे उनकी करीब 40 वर्षों की राजनीतिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हो रही है। उनका कहना है कि इस पूरे विवाद का असर उनके परिवार पर भी पड़ रहा है और परिजनों को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

चुनाव से पहले छवि खराब करने की साजिश का आरोप

गामा ने इस पूरे विवाद को आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधियों की ओर से उनकी छवि खराब करने के लिए सुनियोजित तरीके से मामला उछाला जा रहा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस कथित साजिश के पीछे कौन लोग हैं और पर्दे के पीछे से कौन उन्हें निशाना बना रहा है? उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में इस प्रकरण से जुड़े कुछ और तथ्यों का खुलासा कर सकते हैं।

गौरतलब है कि सुनील उनियाल गामा आगामी विधानसभा चुनाव में मसूरी सीट से भाजपा के टिकट के दावेदार हैं। ऐसे में चुनावी तैयारियों के बीच उनके खिलाफ सामने आए आरोपों और उनके राजनीतिक साजिश के दावे ने मसूरी की सियासत में चर्चाएं तेज कर दी हैं।

मसूरी सीट से भाजपा टिकट की दावेदारी, देहरादून के 18 वार्डों का दिया गणित

पूर्व मेयर ने मसूरी विधानसभा सीट से अपनी चुनावी दावेदारी को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि पार्टी नेतृत्व के सामने टिकट के लिए अपनी इच्छा जता चुके हैं और नेतृत्व इस पर विचार कर रहा है।

गामा ने अपनी दावेदारी के पक्ष में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के भौगोलिक और मतदाता समीकरण का हवाला दिया। उनके अनुसार, मसूरी विधानसभा क्षेत्र में देहरादून नगर निगम के 18 वार्ड शामिल हैं और करीब 75 प्रतिशत मतदाता देहरादून क्षेत्र से आते हैं।

ऐसे में उनका मानना है कि देहरादून के मेयर के रूप में काम करने का अनुभव विधानसभा चुनाव में उनके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

निष्पक्ष जांच की मांग, बोले- दोषी हुआ तो भुगतूंगा सजा

सुनील उनियाल गामा ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में वह दोषी पाए जाते हैं तो हर तरह की सजा भुगतने के लिए तैयार हैं।

लेकिन यदि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप झूठे साबित होते हैं तो आरोप लगाने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने साफ किया कि वह अपनी छवि खराब करने की कोशिशों के खिलाफ चुप नहीं बैठेंगे और कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।

फिलहाल इस मामले में आरोप लगाने वाले पक्ष का विस्तृत जवाब और उनके दावों के समर्थन में साक्ष्य सामने आना बाकी है।

ऐसे में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। विधानसभा चुनाव से पहले मसूरी में यह विवाद आने वाले दिनों में राजनीतिक रूप से और तूल पकड़ सकता है।