UKPSC का बड़ा अपडेट! जिला क्रीड़ा अधिकारी परीक्षा का रिजल्ट जारी, पांच अभ्यर्थियों का चयन
देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने जिला क्रीड़ा अधिकारी परीक्षा-2025 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी चयन सूची में पांच अभ्यर्थियों को सफलता मिली है।
चयनित अभ्यर्थियों में गौरव थपलियाल, सूरज सिंह नेगी, माधुरी जयाला, सुरेंद्र सिंह और सनंत कुमार शामिल हैं। वहीं, भर्ती के तहत एक पद को खेल नीति-2021 के प्रावधानों के तहत आउट ऑफ टर्न नियुक्ति के लिए फ्रीज रखा गया है।
आयोग की चयन सूची के अनुसार गौरव थपलियाल और सूरज सिंह नेगी का चयन सामान्य श्रेणी (UR) में हुआ है। माधुरी जयाला का चयन महिला आरक्षण के तहत सामान्य श्रेणी में किया गया है। वहीं, सुरेंद्र सिंह ओबीसी और सनंत कुमार अनुसूचित जाति (SC) श्रेणी से चयनित हुए हैं।
ऐसे पूरी हुई भर्ती प्रक्रिया
UKPSC ने जिला क्रीड़ा अधिकारी के पदों पर भर्ती के लिए 28 मई 2025 को विज्ञापन जारी किया था। इसके बाद 2 नवंबर 2025 को वस्तुनिष्ठ लिखित परीक्षा आयोजित की गई। लिखित परीक्षा का परिणाम 24 फरवरी 2026 को घोषित किया गया था।
परीक्षा में सफल और अर्ह अभ्यर्थियों के लिए 17 नवंबर 2026 को साक्षात्कार आयोजित किया गया। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की गई है।
एक पद पर आउट ऑफ टर्न नियुक्ति का रास्ता साफ
इस भर्ती में शुरुआत में जिला क्रीड़ा अधिकारी के छह पदों पर सीधी भर्ती प्रस्तावित थी, लेकिन खेल नीति-2021 के तहत अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति देने के प्रावधान के चलते एक पद फ्रीज कर दिया गया।
शासनादेश के अनुसार सामान्य श्रेणी के इस पद पर पदक विजेता खिलाड़ी को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति दी जानी है। इसी कारण आयोग ने पांच पदों पर ही सीधी भर्ती की प्रक्रिया पूरी की है।
प्रतीक्षा सूची भी तैयार, कटऑफ और अंक जारी
आयोग ने अंतिम चयन परिणाम के साथ प्रतीक्षा सूची भी तैयार की है। हालांकि, प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
आयोग के अनुसार प्रतीक्षा सूची सीलबंद लिफाफे में चयन संस्तुति के साथ शासन और संबंधित विभाग को उपलब्ध कराई गई है।
इसके अलावा लिखित परीक्षा के कटऑफ अंक, अंतिम उत्तर कुंजी और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों का विवरण भी आयोग की वेबसाइट पर जारी किया गया है।



