कहीं मारपीट तो कहीं रिश्वतखोरी! PRD जवानों पर लाठीचार्ज से बवाल, हरिद्वार में बड़ा हादसा टला
देहरादून। उत्तराखंड में अपराध, प्रशासनिक कार्रवाई और जनसमस्याओं से जुड़ी कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। राजधानी देहरादून में घंटाघर के पास सिटी बस चालक के साथ सरेराह मारपीट का मामला सामने आया है।
घटना बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीं, सीबीआई ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा के मैनेजर समेत तीन लोगों को 9 लाख रुपये की रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया है।
दूसरी ओर, पीआरडी जवानों पर लाठीचार्ज के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उधर, हरिद्वार में गन्ने से भरा ओवरलोड ट्रक दो कारों पर पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
घंटाघर के पास सिटी बस चालक से मारपीट, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
राजधानी देहरादून के घंटाघर के पास 18 नवंबर को सिटी बस चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।
आरोप है कि बाबा क्लॉथ दुकान के मालिक ने अपने 8 से 10 सहयोगियों के साथ मिलकर बस चालक मुकेश कुमार की सवारियों के सामने पिटाई कर दी। मारपीट की पूरी घटना बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
घटना दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि दुकान के बाहर सिटी बस खड़ी करने को लेकर दुकानदार नाराज था। इसी बात पर उसने अपने सहयोगियों के साथ बस में बैठे चालक के साथ मारपीट की। घटना के बाद घायल चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया। पीड़ित ने नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।
मामले में देहरादून महानगर सिटी बस सेवा सोसायटी ने एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यूनियन ने सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
यूनियन ने दुकानदार पर सार्वजनिक सड़क को निजी संपत्ति की तरह इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि दुकान पर आने वाले ग्राहकों के वाहनों को सड़क पर खड़ा होने दिया जाता है, जबकि सिटी बसों और अन्य वाहनों को वहां रुकने से रोका जाता है। विरोध करने पर चालकों के साथ अभद्रता और धमकी देने की शिकायत भी की गई है।
इसके अलावा यूनियन ने दुकान के निर्माण और जमीन की वैधता पर भी सवाल उठाए हैं। संगठन का आरोप है कि दुकान मंदिर की भूमि पर टीन शेड के अंतर्गत बनाई गई है। यूनियन ने एमडीडीए और राजस्व विभाग से भूमि के स्वामित्व, स्वीकृत मानचित्र और निर्माण की वैधता की जांच कराने की मांग की है।
सिटी बस यूनियन के अध्यक्ष विजय वर्धन डंडरियाल ने कहा कि सिटी बसें आम जनता को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराती हैं। चालकों के साथ इस तरह की मारपीट और सार्वजनिक सड़क के इस्तेमाल में बाधा डालना गंभीर मामला है। उन्होंने चेतावनी दी कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर यूनियन आंदोलन और हड़ताल करेगी।
9 लाख की रिश्वतखोरी में बैंक मैनेजर समेत तीन गिरफ्तार, सीबीआई का ट्रैप
राजधानी देहरादून में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की एंटी करप्शन ब्रांच ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा के ब्रांच मैनेजर प्रेम रंजन समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि 1.80 करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत कराने और उसका भुगतान करवाने के बदले शिकायतकर्ता से 9 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
सीबीआई के मुताबिक, क्लेमेंटटाउन निवासी एक व्यक्ति ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा में संपत्ति के एवज में 1.80 करोड़ रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था।
आरोप है कि लोन स्वीकृत कराने और वितरित कराने के बदले बैंक मैनेजर प्रेम रंजन और तीन निजी व्यक्ति, जो डायरेक्ट सेलिंग एजेंट (DSA) के रूप में काम कर रहे थे, ने लोन की रकम का पांच प्रतिशत यानी 9 लाख रुपये रिश्वत के रूप में मांगे थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी पहले ही उससे 2.50 लाख रुपये नकद ले चुके थे और शेष 6.50 लाख रुपये देने का दबाव बना रहे थे।
इसके बाद आरोपियों के निर्देश पर शिकायतकर्ता ने 3.80 लाख और 2.20 लाख रुपये के दो बिना तारीख वाले चेक दिए और 50 हजार रुपये नकद देने की बात कही।
सीबीआई ने 18 नवंबर की देर शाम ट्रैप कार्रवाई करते हुए डीएसए नरेंद्र आर्य को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मामले में कथित संलिप्तता के आधार पर बैंक मैनेजर प्रेम रंजन और एक अन्य डीएसए नीरज राय को भी गिरफ्तार किया गया।
सीबीआई ने तीनों आरोपियों के आवास पर तलाशी लेकर आपत्तिजनक दस्तावेज और नकदी भी बरामद की है। तीनों आरोपियों को 19 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया। मामले में सीबीआई की आगे की जांच जारी है।
PRD जवानों पर लाठीचार्ज से गरमाई सियासत, कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच कर रहे प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों पर पुलिस लाठीचार्ज के बाद उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है।
कांग्रेस ने जवानों पर हुए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है। वहीं, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा है कि जवानों की मांगों का तकनीकी और विधिक परीक्षण कराने के बाद समाधान निकाला जाएगा।
लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने पुतले से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तस्वीर हटाने की कोशिश की, जिसको लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई। काफी देर तक चले हंगामे के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला दहन करने में सफल रहे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पीआरडी जवानों पर लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले कर्मचारियों, युवाओं और महिलाओं की आवाज को पुलिस की लाठियों के दम पर दबाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि पीआरडी जवान लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। यही जवान राज्य की कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन और विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
इसके बावजूद उनके भविष्य, रोजगार की सुरक्षा, नियमित ड्यूटी और सम्मानजनक पारिश्रमिक जैसे मुद्दों पर सरकार की उदासीनता समझ से परे है।
गोदियाल ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है। सरकार को संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान करना चाहिए, लेकिन लाठीचार्ज का रास्ता अपनाया जा रहा है।
उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और घायल जवानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
रेखा आर्य ने की पीआरडी संगठनों के साथ बैठक
उधर, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने सचिवालय में वित्त विभाग और संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ पीआरडी जवानों के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक की।
इसमें जवानों को होमगार्ड की तर्ज पर महंगाई भत्ता और अन्य सुविधाएं देने के साथ ही पूरे साल यानी 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराने की मांगों पर चर्चा हुई।
मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि जवानों की जायज मांगों का तकनीकी एवं विधिक परीक्षण कराया जाएगा। उनके हित में सकारात्मक निर्णय लेने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
हरिद्वार में गन्ने से भरा ओवरलोड ट्रक दो कारों पर पलटा, बड़ा हादसा टला
हरिद्वार के कनखल कोतवाली क्षेत्र में देर रात गन्ने से भरा एक ओवरलोड ट्रक अचानक पलट गया। हादसे में दो कारें ट्रक के नीचे दब गईं।
इनमें हरियाणा नंबर की एक कार पूरी तरह गन्नों से ढक गई, जबकि दूसरी उत्तराखंड नंबर की कार का पिछला हिस्सा ट्रक के नीचे दब गया। गनीमत रही कि हादसे के समय दोनों कारों में कोई सवार नहीं था और जनहानि टल गई।
जानकारी के अनुसार, शुगर मिलों में पेराई सत्र शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में किसान गन्ने की फसल लेकर मिलों तक पहुंच रहे हैं।
इसी दौरान देर रात गन्ने से लदा एक ओवरलोड ट्रक हाईवे की सर्विस लेन से गुजर रहा था। प्रेमनगर तिराहे के पास होटल जान्हवी डेल के सामने चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक पलट गया।
हादसे के समय दोनों कारें सर्विस लेन के बराबर में खड़ी थीं। बताया गया कि हरियाणा नंबर की कार से एक परिवार रिश्तेदारी में हरिद्वार आया हुआ था।
हादसे के वक्त कार खाली थी। ट्रक पलटते ही उसमें लदे गन्ने ने कार को पूरी तरह ढक दिया। वहीं, दूसरी कार भी ट्रक की चपेट में आ गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक नशे में था और हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही कनखल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। ट्रक को खाली कराकर दोनों कारों को बाहर निकाला गया और सर्विस रोड पर यातायात सुचारू कराया गया।
एसएसआई अनुज सिंह के मुताबिक, हादसे में दोनों कारों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर हरिद्वार में ओवरलोड वाहनों के संचालन और यातायात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



