माँ के निधन पर भावुक हुए योगी आदित्यनाथ! पंचूर पहुंचकर किए अंतिम दर्शन, पीएम मोदी समेत कई दिग्गजों ने जताया शोक

माँ के निधन पर भावुक हुए योगी आदित्यनाथ! पंचूर पहुंचकर किए अंतिम दर्शन, पीएम मोदी समेत कई दिग्गजों ने जताया शोक

देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली।

वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। मां के निधन की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से उत्तराखंड पहुंचे और पैतृक गांव पंचूर पहुंचकर उनके अंतिम दर्शन किए। इस दौरान योगी आदित्यनाथ बेहद भावुक नजर आए।

जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए वह यमकेश्वर स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी के हेलीपैड पर उतरे।

इसके बाद सड़क मार्ग से अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे और मां के अंतिम दर्शन किए। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी मां को श्रद्धांजलि देते हुए ‘मां… ॐ शांति’ लिखकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

कल हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार

सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार सुबह हरिद्वार में किए जाने की तैयारी है। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह करीब सात बजे पंचूर से हरिद्वार के लिए रवाना होंगे। वह सड़क मार्ग से लक्ष्मणझूला बैराज होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। नमामि गंगे घाट पर अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं।

मई में मां से आखिरी बार मिले थे योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपनी मां से आखिरी मुलाकात इसी साल 8 मई 2026 को हुई थी। उस दौरान वह उत्तराखंड दौरे पर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे और घर पर मां के साथ समय बिताया था।

लखनऊ रवाना होने से पहले उन्होंने मां का आशीर्वाद लिया था। विदाई के समय घर का माहौल भावुक हो गया था। उस वक्त शायद किसी ने नहीं सोचा था कि यह मां-बेटे की आखिरी मुलाकात साबित होगी।

अपने दौरे के दौरान योगी आदित्यनाथ ने महाविद्यालय परिसर में स्थापित अपने दिवंगत पिता आनंद सिंह बिष्ट की प्रतिमा का अनावरण और माल्यार्पण भी किया था।

2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद मां से लिया था आशीर्वाद

योगी आदित्यनाथ का जन्म उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में हुआ था। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का वर्ष 2020 में कोरोना संक्रमण काल के दौरान निधन हो गया था। उस समय योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे।

कोरोना महामारी और लॉकडाउन के दौरान प्रशासनिक जिम्मेदारियों के चलते वह पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। उन्होंने एक पत्र जारी कर अपने इस निर्णय के पीछे कोरोना प्रबंधन और प्रदेश की जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का हवाला दिया था।

वर्ष 2017 में पहली बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पहुंचे थे और मां से आशीर्वाद लिया था। इसके बाद भी वह समय-समय पर अपनी मां से मिलने और उनका हालचाल जानने पहुंचते रहे।

पीएम मोदी ने फोन कर जताया दुख, अमित शाह और राजनाथ सिंह ने भी दी श्रद्धांजलि

योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर उनसे बात कर शोक संवेदना व्यक्त की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि मां का जाना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं होती।

उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और योगी आदित्यनाथ सहित पूरे परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि जीवन के किसी भी पड़ाव पर मां का साया उठ जाना सबसे बड़ा और असहनीय आघात होता है। उनकी संवेदनाएं योगी आदित्यनाथ और पूरे परिवार के साथ हैं।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मां का साया जीवन का बहुत बड़ा संबल होता है और उनके जाने से उपजे दुख को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है।

सीएम धामी बोले- मां का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की अनमोल पूंजी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है।

उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री धामी ने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और योगी आदित्यनाथ सहित पूरे परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने भी शोक जताते हुए बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करने और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

त्रिवेंद्र सिंह रावत ने याद की पंचूर में हुई मुलाकात

हरिद्वार से सांसद और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी सावित्री देवी के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने शोक संदेश में बताया कि उन्हें योगी आदित्यनाथ के पैतृक गांव पंचूर में उनकी माताजी से मिलने और उनका स्नेह एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला था। उन्होंने कहा कि सावित्री देवी का सरल, सहज और स्नेहिल व्यक्तित्व हमेशा स्मृतियों में रहेगा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मां के स्नेह, संरक्षण और आशीर्वाद का अभाव हृदय को गहरी रिक्तता से भर देता है। उन्होंने भगवान बद्री-केदार से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

मायावती ने भी जताई संवेदना, ऋतु खंडूड़ी और राजकुमार पोरी ने दी श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी योगी आदित्यनाथ की माता के निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि मां का साया जीवन की सबसे बड़ी शक्ति और संबल होता है। उन्होंने बाबा सिद्धबली से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और योगी आदित्यनाथ सहित समस्त परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

वहीं, पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि मां का दुनिया से चले जाना जीवन का सबसे बड़ा दुख होता है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

उत्तराखंड के पंचूर गांव से निकलकर देश की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान बनाने वाले योगी आदित्यनाथ के लिए मां का जाना व्यक्तिगत जीवन की बड़ी क्षति है। उनके निधन की खबर से उत्तराखंड से लेकर उत्तर प्रदेश तक शोक की लहर है।