राजनीति: कांग्रेस के दो दिग्गजों का माला के लिए मना-मनौव्वल। सैलजा की हंसी छूटी! और….

कांग्रेस के दो दिग्गजों का माला के लिए मना-मनौव्वल। सैलजा की हंसी छूटी! और….

बागेश्वर। उत्तराखंड कांग्रेस में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच शुक्रवार को बागेश्वर में एक ऐसा दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जिसने राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज कर दी हैं।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के सामने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच गेंदे की माला पहनाने को लेकर ऐसी खींचतान हुई कि मंच पर मौजूद नेता और कार्यकर्ता भी इस घटनाक्रम को देखते रह गए।

वहीं, दोनों नेताओं के बीच चल रही मान-मनौव्वल को देखकर कुमारी सैलजा भी अपनी हंसी नहीं रोक पाईं। उनका माथे पर हाथ रखकर मुस्कुराने का अंदाज अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

माला पहनाने को लेकर दोनों दिग्गजों में हुई खींचतान

वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत हाथ में गेंदे की माला लेकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को पहनाने के लिए आगे बढ़ते हैं। लेकिन यशपाल आर्य उन्हें रोकते हुए माला अपने हाथ में ले लेते हैं और हरीश रावत को पहनाने की कोशिश करते हैं।

इस पर हरीश रावत भी पीछे नहीं हटते और हाथ के इशारे से मना करते हुए पहले यशपाल आर्य को माला पहनाने पर जोर देते हैं। कुछ सेकंड तक दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच एक-दूसरे को सम्मान देने की यह दिलचस्प रस्साकशी चलती रहती है।

आखिरकार यशपाल आर्य आगे बढ़कर हरीश रावत के गले में माला डाल देते हैं। इसके बाद हरीश रावत दूसरी माला उठाकर उन्हें पहनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन यशपाल आर्य इसके लिए तैयार नहीं होते। काफी कोशिश के बाद हरीश रावत हाथ जोड़ लेते हैं और माला पहनाने का सिलसिला वहीं समाप्त हो जाता है।

सैलजा के चेहरे के भाव भी बने चर्चा का विषय

मंच पर चल रहे इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा भी मौजूद थीं। दोनों नेताओं को एक-दूसरे को माला पहनाने के लिए जोर लगाते देख वह माथे पर हाथ रखकर जोर-जोर से मुस्कुराती नजर आईं। उनके चेहरे के भाव ने इस पूरे घटनाक्रम को और दिलचस्प बना दिया।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं के बीच सम्मान जताने की इस अनोखी कोशिश को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।

2027 चुनाव से पहले कांग्रेस के दिग्गजों का जुटान

दरअसल, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा 17 से 22 नवंबर तक छह दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। इस दौरान वह कुमाऊं और गढ़वाल के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर रही हैं।

दौरे का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करना और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देना है।

शुक्रवार को बागेश्वर की धरती पर प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

इसके बाद भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार, जनविरोधी नीतियों और कुशासन के खिलाफ चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान में नेताओं ने भाग लिया।

इस दौरान कांग्रेस ने महंगाई, बेरोजगारी, भर्ती घोटालों और पलायन जैसे मुद्दों को उठाते हुए भाजपा सरकार को घेरने की कोशिश की। पार्टी का कहना है कि जनता के इन सवालों पर सरकार को जवाब देना होगा।

माला की खींचतान के सियासी मायने भी तलाशे जा रहे

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस के भीतर संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो रही हैं। ऐसे समय में हरीश रावत और यशपाल आर्य जैसे वरिष्ठ नेताओं का एक मंच पर मौजूद होना और उनके बीच माला पहनाने को लेकर हुई नोकझोंक चर्चा का विषय बन गई है।

हालांकि, वीडियो में दोनों नेताओं के बीच माला पहनाने को लेकर हंसी-मजाक और मान-मनौव्वल दिखाई दे रही है।

इससे उनके बीच किसी राजनीतिक मतभेद या विवाद की पुष्टि नहीं होती। लेकिन चुनावी माहौल में कांग्रेस के इस मंच की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं।

फिलहाल बागेश्वर में गेंदे की माला को लेकर हुई यह दिलचस्प खींचतान कांग्रेस की राजनीतिक चर्चाओं में एक नया विषय जरूर बन गई है।