हाईकोर्ट से हनीट्रैप मामले की आरोपी महिला को राहत, गिरफ्तारी पर रोक। सरकार से मांगा जवाब
नैनीताल। हल्द्वानी के बुजुर्ग कारोबारी दंपती को कथित हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेलिंग, करोड़ों रुपये की ठगी और अवैध वसूली के चर्चित मामले में उत्तराखंड हाईकोर्ट ने आरोपी महिला को अंतरिम राहत दी है।
न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकल पीठ ने महिला की याचिका पर सुनवाई करते हुए बुधवार तक उसकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। साथ ही राज्य सरकार को मामले में निर्देश प्राप्त कर बुधवार को अदालत के समक्ष अपना पक्ष रखने को कहा है।
मामले के अनुसार, हल्द्वानी निवासी एक बुजुर्ग कारोबारी ने एक महिला समेत छह लोगों पर हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपये की अवैध वसूली करने के आरोप लगाए हैं।
कारोबारी का आरोप है कि आरोपियों ने फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे मोटी रकम वसूली। इतना ही नहीं, उसकी संपत्ति भी कथित तौर पर हड़प ली गई।
पीड़ित कारोबारी ने इस संबंध में नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की थी। मामला सामने आने के बाद यह प्रकरण खासा चर्चित हो गया।
इसी मामले में दर्ज एफआईआर को चुनौती देते हुए आरोपी महिला की ओर से हाईकोर्ट में क्रिमिनल पिटीशन दाखिल की गई थी। याचिका में एफआईआर के तथ्यों को चुनौती देते हुए गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की गई।
सुनवाई के दौरान अदालत ने याचिकाकर्ता, राज्य सरकार और शिकायतकर्ता पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनीं।
इसके बाद एकल पीठ ने फिलहाल बुधवार तक महिला की गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए राज्य सरकार से मामले में आवश्यक निर्देश लेकर अदालत में पेश होने को कहा। अब बुधवार को होने वाली सुनवाई में सरकार का पक्ष और मामले की आगे की दिशा महत्वपूर्ण होगी।



