क्राइम रिपोर्ट: गोलीकांड, खुखरी हमला और खूनी सड़क हादसे! अपराध से जुड़ी कई बड़ी खबरें, आप भी पढ़ें….

गोलीकांड, खुखरी हमला और खूनी सड़क हादसे! अपराध से जुड़ी कई बड़ी खबरें, आप भी पढ़ें….

देहरादून। उत्तराखंड में रविवार का दिन अपराध, सड़क हादसों और वन्यजीवों के आतंक की घटनाओं के नाम रहा। हरिद्वार में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के एसपी पर उनके ही संविदा चालक ने गोली चला दी।

रुद्रप्रयाग के जखोली में वाहन गहरी खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार घायल हो गए। वहीं, गुजरात के कच्छ में सड़क हादसे में उत्तराखंड से जुड़े एक आर्मी परिवार के सात सदस्यों की दर्दनाक मौत ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया।

इसके अलावा देहरादून में स्पा सेंटर में महिला से मारपीट, शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, काशीपुर में पुलिस कांस्टेबल की पत्नी और दो बच्चों पर जानलेवा हमला तथा रुड़की वन विभाग कार्यालय में कथित अवैध लेनदेन का वीडियो सामने आने से कानून व्यवस्था और सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए हैं।

दूसरी ओर अल्मोड़ा में आतंक का पर्याय बनी मादा तेंदुआ पिंजरे में कैद हुई, जबकि प्रेमनगर में बोरे में मिली अज्ञात युवती की हत्या की गुत्थी सुलझाने में पुलिस अब भी जुटी हुई है।

IB के एसपी पर संविदा चालक ने चलाई गोली, पोछा लगाकर मिटाने लगा साक्ष्य

हरिद्वार के कनखल स्थित विष्णु गार्डन कॉलोनी में इंटेलिजेंस ब्यूरो के एसपी चंद्रप्रकाश नौटियाल पर उनके ही संविदा चालक विनोद नेगी ने तमंचे से गोली चला दी। गोली अधिकारी के माथे के पास से छूकर निकल गई, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई। घायल अधिकारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी वर्ष 2006 से आईबी के स्थानीय कार्यालय में चालक के पद पर कार्यरत है और पिछले करीब डेढ़ साल से एसपी के साथ तैनात था। पिछले चार-पांच महीनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पूछताछ में आरोपी ने अधिकारी की कथित टोका-टाकी और परेशान किए जाने से नाराजगी की बात कही है।

वारदात के बाद आरोपी ने फर्श पर पोछा लगाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया और कपड़े बदलकर फरार होने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

जखोली में खाई में गिरी ईको, तीन की मौत, चार घायल

रुद्रप्रयाग जिले के जखोली क्षेत्र में अर्जुन बैंड के पास रविवार दोपहर करीब एक बजे एक ईको वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में सात लोग सवार बताए गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

हादसे में वाहन चालक विजय सिंह पंवार उर्फ नत्थू (41), बसंती देवी (52) और सुनीता देवी (35) की मौत हो गई। वहीं सतपाल सिंह, शिवानी (15), दिव्यांशी (13), अंजलि (26) और सुमीता घायल हुए।

घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

गुजरात के कच्छ में उत्तराखंड के आर्मी परिवार के सात लोगों की मौत

गुजरात के कच्छ में खावड़ा-भुज हाईवे पर 21 नवंबर की रात हुए भीषण सड़क हादसे ने उत्तराखंड को भी गहरे सदमे में डाल दिया। एक कार और ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि परिवार दिवाली की छुट्टियों में उत्तराखंड से कच्छ घूमने आया था और कच्छ का रण देखने के बाद भुज लौट रहा था।

मृतकों में सौरव सिंह नेगी (32), उनकी पत्नी सविता और तीन माह की बेटी सिविका सहित सात लोग शामिल हैं। कार की नंबर प्लेट पर UK07 दिखाई देने के आधार पर परिवार का उत्तराखंड से संबंध बताया जा रहा है।

हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक जताया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

काशीपुर में पुलिस कांस्टेबल की पत्नी और दो बच्चों पर खुखरी से हमला

ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात एक कांस्टेबल की पत्नी और दो मासूम बच्चों पर खुखरी से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल दिल्ली के मैक्स अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।

पुलिस ने मामले में आरोपी संजय कुमार को गिरफ्तार किया है। जांच में पैसों के लेनदेन और आपसी विवाद की बात सामने आई है। बताया गया कि आरोपी और कांस्टेबल सचिन कुमार के बीच पुरानी जान-पहचान थी। लिव-इन रिलेशनशिप का प्रमाण पत्र बनवाने और महिला के साथ रहने को लेकर भी विवाद की बात सामने आई है।

आरोप है कि विवाद के दौरान संजय ने महिला और बच्चों पर खुखरी से हमला कर दिया। हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद आरोपी ही घायलों को अपनी कार से अस्पताल लेकर पहुंचा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर खुखरी, कार और पीड़ित परिवार के सामान से भरे दो बैग बरामद किए हैं।

देहरादून के स्पा सेंटर में महिला से मारपीट, आंखों में डाला मिर्च पाउडर

देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में मंडी चौक स्थित एक स्पा सेंटर में महिला के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि वह 19 नवंबर को अपने पति की जानकारी लेने स्पा सेंटर पहुंची थी। इसी दौरान वहां एक महिला और पुरुष पहुंचे और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डाला गया और उसे जबरन स्पा सेंटर के अंदर ले जाने की कोशिश की गई। पीड़िता ने बताया कि वह तीन महीने की गर्भवती है। घटना के बाद उसका मेडिकल कराया गया। पुलिस ने एक नामजद महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रुड़की में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार जिले के रुड़की में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी गंगनहर क्षेत्र का निवासी है। शिकायत के बाद उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रुड़की बस अड्डे पर मौजूद है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

अल्मोड़ा में पिंजरे में कैद हुई मादा तेंदुआ, दो अन्य की मौजूदगी से दहशत

अल्मोड़ा के सेनार गांव में लंबे समय से आतंक का पर्याय बनी मादा तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गई। करीब दस दिन पहले ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने क्षेत्र में पिंजरा लगाया था। शनिवार रात एक मादा तेंदुआ उसमें फंस गई।

वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर एनटीडी स्थित रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया। वन क्षेत्राधिकारी मोहन राम के मुताबिक, पकड़ी गई मादा तेंदुए की उम्र करीब आठ वर्ष है।

हालांकि, ग्रामीणों की परेशानी अभी खत्म नहीं हुई है। क्षेत्र में दो अन्य तेंदुओं के घूमने की सूचना है। ग्रामीणों का कहना है कि ये तेंदुए कई मवेशियों को अपना निवाला बना चुके हैं और लोगों पर भी झपटने की कोशिश कर चुके हैं। उन्होंने वन विभाग से दोबारा पिंजरा लगाने की मांग की है।

प्रेमनगर में बोरे में मिली युवती की हत्या की गुत्थी उलझी, आठ टीमें जुटीं

देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जामुनवाला जंगल में 18 नवंबर को बोरे में मिली अज्ञात युवती की हत्या का मामला अब तक अनसुलझा है। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका की शिनाख्त करना है। इसके लिए आठ पुलिस टीमें जांच में जुटी हैं।

पुलिस घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी है। मृतका के शरीर पर बने दो टैटू को पहचान का अहम आधार बनाया गया है। इनमें एक टैटू करीब 10 से 12 साल पुराना और दूसरा गुलाब का टैटू दो से तीन साल पुराना बताया जा रहा है।

पुलिस देहरादून के टैटू आर्टिस्ट से पूछताछ कर चुकी है और अब हरिद्वार, विकासनगर और पोंटासाहिब सहित आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाने की तैयारी है।

इसके अलावा हॉस्टलों में रहने वाली युवतियों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस ने मृतका के टैटू वाले पंपलेट पांच से सात राज्यों में भेजे हैं। घटना के चार दिन बाद भी युवती की पहचान नहीं हो सकी है।

रुड़की वन विभाग कार्यालय में कथित अवैध लेनदेन का वीडियो वायरल

हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित वन विभाग कार्यालय में कथित अवैध पैसों के लेनदेन का वीडियो सामने आने के बाद विभाग में हलचल मच गई है। वायरल वीडियो में कार्यालय में तैनात एक प्रधान सहायक लोगों से पैसे लेते और रकम कम होने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं।

हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे लेनदेन का वास्तविक कारण और रकम किस काम के बदले ली जा रही थी, यह स्पष्ट नहीं है।

वन विभाग के अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। उप प्रभागीय वनाधिकारी ज्वाला प्रसाद गौड़ ने भी वीडियो की जांच कर कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

बाजपुर हाईवे पर कार-बाइक की भीषण भिड़ंत, सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा

ऊधम सिंह नगर के बाजपुर में नेशनल हाईवे-74 पर महेशपुरा कट के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार 27 वर्षीय यामीन और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान वहां से गुजर रहा स्कूटी सवार भी दुर्घटना की चपेट में आ गया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक और बच्चा कार के अगले हिस्से के साथ कई फीट तक घिसटते चले गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, परिजनों की तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।