बिग ब्रेकिंग: बिल्डर की चूक का बोझ घर खरीदारों पर क्यों? सुप्रीम कोर्ट ने किस्त वसूली पर लगाई रोक

बिल्डर की चूक का बोझ घर खरीदारों पर क्यों? सुप्रीम कोर्ट ने किस्त वसूली पर लगाई रोक

नई दिल्ली। बिल्डर और बैंक के बीच कथित सांठगांठ का खामियाजा घर खरीदारों को नहीं भुगतना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम मामले में स्पष्ट किया है कि जब तक यह जांच नहीं हो जाती कि बैंक ने बिल्डर को ऋण की रकम त्रिपक्षीय समझौते और निर्माण की प्रगति के अनुसार जारी की थी या नहीं, तब तक घर खरीदारों को डिफॉल्टर मानकर उनसे किस्तों के भुगतान के लिए अंतरिम आदेश पारित नहीं किया जा सकता।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने गुरुग्राम के सोहना स्थित ‘कृष्णा हाउसिंग स्कीम’ परियोजना के घर खरीदारों की याचिका पर यह आदेश दिया। यह परियोजना रहेजा डेवलपर्स लिमिटेड की ओर से शुरू की गई थी।

सुप्रीम कोर्ट ने संबंधित सिविल कोर्ट को निर्देश दिया कि पहले बैंक और बिल्डर के बीच ऋण वितरण की प्रक्रिया तथा कथित मिलीभगत की जांच की जाए। जब तक घर खरीदारों की चूक स्पष्ट रूप से साबित नहीं होती, उनके खिलाफ किस्तों के भुगतान को लेकर कोई कठोर अंतरिम कार्रवाई न की जाए।

निर्माण की प्रगति के बिना बिल्डर को जारी कर दी गई ऋण राशि

मामले के अनुसार, घर खरीदारों, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और रहेजा डेवलपर्स के बीच आवास ऋण को लेकर त्रिपक्षीय समझौता हुआ था। आरोप है कि बिल्डर ने समझौते के तहत अपनी जिम्मेदारियों का पालन नहीं किया।

ऋण वितरण निर्माण कार्य की प्रगति से जुड़ा हुआ था, लेकिन आरोप है कि परियोजना में अपेक्षित निर्माण प्रगति के बिना ही बैंक ने बिल्डर को ऋण की रकम जारी कर दी।

अगस्त 2025 में रहेजा डेवलपर्स कॉर्पोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया में चला गया। एनसीएलटी के समक्ष कंपनी ने घर खरीदारों की रकम छह मासिक किस्तों में लौटाने का प्रस्ताव भी दिया था।

इसी बीच भारतीय स्टेट बैंक ने घर खरीदारों के खिलाफ दिल्ली की साकेत स्थित वाणिज्यिक अदालत में ऋण वसूली का मुकदमा दायर कर दिया।

इस कार्यवाही के दौरान अदालत ने घर खरीदारों को किस्तों का भुगतान करने के संबंध में अंतरिम निर्देश जारी किए। घर खरीदारों ने इसी आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा- पहले तय हो, डिफॉल्ट किसकी है

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि सक्षम अदालत का यह दायित्व है कि वह पहले बिल्डर और बैंक अधिकारियों के बीच कथित सांठगांठ की जांच करे। यह भी पता लगाया जाए कि बैंक ने त्रिपक्षीय समझौते के अनुसार ही बिल्डर को ऋण की राशि जारी की थी या नहीं।

पीठ ने स्पष्ट किया कि जब तक यह निष्कर्ष नहीं निकलता कि घर खरीदार वास्तव में भुगतान में डिफॉल्ट कर रहे हैं, तब तक उनके खिलाफ किस्तों के भुगतान को लेकर अंतरिम निर्देश जारी नहीं किए जा सकते।

अदालत ने संबंधित सिविल कोर्ट को निर्देश दिया कि इस पहलू पर निर्णय लिए बिना याचिकाकर्ताओं और इसी तरह की स्थिति वाले अन्य घर खरीदारों के खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई न की जाए।

हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने मामले के गुण-दोष पर अंतिम राय व्यक्त नहीं की है। फिलहाल घर खरीदारों को अंतरिम संरक्षण प्रदान किया गया है।

पहले भी बैंक-बिल्डर गठजोड़ पर चिंता जता चुका है सुप्रीम कोर्ट

यह पहली बार नहीं है जब सुप्रीम कोर्ट ने बिल्डर और बैंक के बीच कथित गठजोड़ के कारण परेशान घर खरीदारों के पक्ष में हस्तक्षेप किया है। वर्ष 2024 में भी अदालत ने दिल्ली-नोएडा क्षेत्र की आवासीय परियोजनाओं में ऋण लेने वाले कई घर खरीदारों को अंतरिम राहत दी थी।

परियोजनाओं के अधूरे रहने और निर्माण रुकने के बावजूद बैंकों तथा वित्तीय संस्थानों की ओर से वसूली की कार्रवाई किए जाने पर अदालत ने रोक लगाई थी। यह संरक्षण चेक अनादर से जुड़े मामलों में भी लागू किया गया था।

बाद की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने एनसीआर की विभिन्न आवासीय परियोजनाओं में बिल्डर-बैंक के कथित गठजोड़ और घर खरीदारों के शोषण को लेकर गंभीर चिंता जताई थी।

अदालत ने मामले की जांच के लिए एसआईटी या सीबीआई जांच की आवश्यकता पर भी विचार किया। इसके बाद सीबीआई से प्रस्ताव मांगा गया और अप्रैल 2025 में एजेंसी को सात प्रारंभिक पूछताछ (PE) दर्ज करने का निर्देश दिया गया।

न्यायालय की अनुमति के बाद सीबीआई ने एनसीआर के बाहर की परियोजनाओं सहित विभिन्न मामलों में 28 नियमित मामले दर्ज किए। आरोपपत्र दाखिल होने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने संबंधित मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट को कानून के अनुसार आगे की कार्यवाही करने का निर्देश दिया।

घर खरीदारों के अधिकारों के लिहाज से अहम आदेश

सुप्रीम कोर्ट का ताजा आदेश उन घर खरीदारों के लिए महत्वपूर्ण है, जिन्होंने बिल्डर और बैंक के बीच हुए त्रिपक्षीय समझौते के आधार पर आवास ऋण लिया, लेकिन निर्माण में देरी या परियोजना ठप होने के कारण मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।

अदालत ने साफ किया है कि ऋण की रकम जारी करने की प्रक्रिया और बिल्डर की जिम्मेदारी की जांच किए बिना घर खरीदारों को स्वतः डिफॉल्टर नहीं माना जा सकता। हालांकि, यह राहत मामले की परिस्थितियों और अदालत की जांच के निष्कर्षों के अधीन रहेगी।