राजनीति: उत्तराखंड कांग्रेस में दो लाइनें? सैलजा के पत्र के बाद हरदा का बड़ा संदेश, पढ़ें….

उत्तराखंड कांग्रेस में दो लाइनें? सैलजा के पत्र के बाद हरदा का बड़ा संदेश, पढ़ें….

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले अंदरूनी सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की “धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा” को लेकर पार्टी के भीतर मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं।

कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने हरीश रावत को पत्र लिखकर यात्रा रोकने की सलाह दी थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपना कार्यक्रम जारी रखा और यात्रा को आगे बढ़ाया।

कुमारी सैलजा ने पत्र में कहा था कि यात्रा को लेकर न तो प्रदेश कांग्रेस कमेटी और न ही पार्टी नेतृत्व से कोई चर्चा की गई।

चुनाव से पहले किसी समानांतर कार्यक्रम से संगठन की एकजुटता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने हरीश रावत के कुछ हालिया बयानों पर भी आपत्ति जताते हुए यात्रा को आगे न बढ़ाने का आग्रह किया था।

हालांकि, जसपुर पहुंचे हरीश रावत ने इस विवाद को ज्यादा तूल देने से बचते हुए कहा कि कांग्रेस एक परिवार है और परिवार में अलग-अलग तरह की बातें होती रहती हैं। उन्होंने खुद को कांग्रेस का सिपाही बताते हुए कहा कि सभी नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी को मजबूत करने का काम कर रहे हैं।

हरीश रावत ने कहा कि वह लंबे समय तक बीमारी से जूझते रहे और इस दौरान हजारों लोग उनसे मिलने दिल्ली और गुरुग्राम पहुंचे। स्वस्थ होने के बाद उन्होंने जनता का आभार व्यक्त करने के लिए धन्यवाद यात्रा शुरू की।

साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई ने उन्हें राजनीतिक रूप से सक्रिय होने की चुनौती दी, जिसे उन्होंने स्वीकार किया।

इस बीच कांग्रेस विधायक और हरीश रावत की बेटी अनुपमा रावत भी उनके समर्थन में सामने आई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर कहा कि राज्य में सुशासन के लिए संघर्ष जरूरी है और कांग्रेस कार्यकर्ता हरीश रावत के साथ खड़े हैं।

राजनीतिक हलकों में चर्चा इस बात की भी है कि हरीश रावत ने हाल ही में वरिष्ठ कांग्रेस नेता और केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य प्रीतम सिंह के साथ तस्वीर साझा कर अपने राजनीतिक संदेश को और मजबूत करने की कोशिश की है।

सैलजा की सख्त चिट्ठी और उसके बावजूद जारी यात्रा ने कांग्रेस के भीतर नेतृत्व, संगठन और चुनावी रणनीति को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पार्टी आलाकमान के रुख पर है कि वह इस विवाद को किस तरह संभालता है।

2027 चुनाव से पहले उत्तराखंड कांग्रेस में यह शक्ति प्रदर्शन और अंदरूनी खींचतान आने वाले दिनों में और दिलचस्प हो सकती है।

कांग्रेस हाईकमान सख्त, वेणुगोपाल बोले- ‘व्यक्तिगत कैंपेन बर्दाश्त नहीं’

उत्तराखंड कांग्रेस में वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की ‘धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा’ को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।

प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की नाराजगी के बाद अब कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि चुनावी राज्य में किसी भी तरह के व्यक्तिगत अभियान को पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी और सभी कार्यक्रम संगठन की तय रणनीति के तहत सामूहिक रूप से चलाए जाएंगे।

केसी वेणुगोपाल ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने हरीश रावत से उत्तराखंड में चल रहे अभियान को लेकर बातचीत की है।

उन्होंने कहा कि राज्य में सभी नेताओं को कांग्रेस के बैनर तले मिलकर अभियान चलाना चाहिए, जिसका एकमात्र उद्देश्य कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की जीत सुनिश्चित करना होना चाहिए।

वेणुगोपाल ने अपने संदेश में यह भी दोहराया कि पार्टी संगठन की योजना के अनुरूप ही कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत कैंपेन स्वीकार नहीं किए जाएंगे और पूरी प्रदेश इकाई की ऊर्जा तथा मेहनत के दम पर कांग्रेस उत्तराखंड में जीत हासिल करेगी।

दरअसल, हरीश रावत इन दिनों गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में ‘धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा’ निकाल रहे हैं। यात्रा के दौरान वे कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मुलाकात कर रहे हैं तथा इसे जनसंवाद और संगठन को मजबूत करने की पहल बता रहे हैं।

इसी बीच कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने हरीश रावत को पत्र लिखकर यात्रा पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि यात्रा को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी से कोई चर्चा नहीं की गई। चुनाव से पहले पार्टी की एकजुटता सबसे महत्वपूर्ण है और संगठन की समानांतर गतिविधियां गलत संदेश दे सकती हैं।

वहीं, सैलजा के पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए हरीश रावत ने कहा कि परिवार में अलग-अलग तरह की बातें होती रहती हैं। उन्होंने खुद को कांग्रेस का एक सिपाही बताते हुए कहा कि सभी नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं।

हरीश रावत ने अपनी यात्रा को ईडी और सीबीआई जैसी चुनौतियों के खिलाफ संघर्ष से भी जोड़ते हुए कहा कि उनका उद्देश्य जनता से संवाद और कांग्रेस को मजबूत करना है।

कांग्रेस के भीतर यात्रा को लेकर उठे इस विवाद ने 2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक एकजुटता और नेतृत्व की भूमिका पर नई बहस छेड़ दी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि पार्टी हाईकमान के संदेश के बाद उत्तराखंड कांग्रेस में आगे की रणनीति किस रूप में तय होती है।