बड़ी खबर: खटीमा में मातृशक्ति और नौनिहालों के बीच पहुंचे सीएम धामी, नानकमत्ता गुरुद्वारे में किया श्रमदान

खटीमा में मातृशक्ति और नौनिहालों के बीच पहुंचे सीएम धामी, नानकमत्ता गुरुद्वारे में किया श्रमदान

  • ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में गर्भवतियों को महालक्ष्मी किट और पोषण सामग्री वितरित की, बच्चों का अन्नप्राशन कराया; गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेककर स्वच्छता अभियान में भी लिया हिस्सा

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को खटीमा के गौसीकुवां भूड़ाई आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म में भाग लिया, नौनिहालों का अन्नप्राशन कराया और धात्री महिलाओं को पोषण सामग्री वितरित की।

कार्यक्रम में जनजातीय समाज की युवतियों ने जेसीबी पर चढ़कर पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया, जबकि महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से उनका अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के साथ समय बिताया, उन्हें अपने हाथों से भोजन परोसा और उनसे बातचीत की।

उन्होंने 10 गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार किट, 10 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की तथा पांच बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। साथ ही नौ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और दो आशा वर्करों को सम्मानित भी किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति और नौनिहालों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षित मातृत्व के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि आपदा की स्थिति में गर्भवती महिलाओं को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हेली एंबुलेंस सेवा की व्यवस्था भी की गई है।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की अरदास की। इसके बाद उन्होंने गुरुद्वारा परिसर में स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए स्वयं झाड़ू लगाकर श्रमदान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के साथ-साथ आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब प्रबंधक कमेटी ने मुख्यमंत्री को सरोपा और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।