उत्तराखंड में नहीं थम रहे हादसे, देहरादून में 8 घायल तो हरिद्वार में 2 की मौत
देहरादून। उत्तराखंड में सड़क और रेल हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को देहरादून और हरिद्वार में हुए अलग-अलग हादसों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए।
देहरादून के मोहब्बेवाला स्थित आशारोड़ी चेक पोस्ट पर सीमेंट से लदे एक ट्रक ने आईआरबी फर्स्ट बटालियन की बस को टक्कर मार दी, जिससे बस और ट्रक दोनों पलट गए। हादसे में पांच पुलिसकर्मियों समेत आठ लोग घायल हो गए।
वहीं हरिद्वार में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
देहरादून में मंगलवार सुबह करीब नौ बजे सहारनपुर की ओर से आ रहे सीमेंट लदे 12 टायर ट्रक ने अनियंत्रित होकर आईआरबी फर्स्ट बटालियन की बस को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस बस सड़क पर पलट गई। हादसे में बस में सवार पांच पुलिसकर्मी, ट्रक चालक और दो मोटरसाइकिल सवार घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
उधर हरिद्वार के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित ब्रह्मपुरी कॉलोनी में रेलवे ट्रैक पार करते समय एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर फुट ओवरब्रिज की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से सुरक्षित आवागमन के लिए फुट ओवरब्रिज की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
इसके अलावा हरिद्वार के ऋषिकुल तिराहे के पास देर रात एक अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे खड़े दो यात्रियों को टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जिसकी पहचान 19 वर्षीय योगेश निवासी गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
दूसरा घायल अस्पताल में भर्ती है। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है। इन घटनाओं ने एक बार फिर सड़क और रेल सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं, वहीं हरिद्वार में रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्थानीय लोग सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।



