हादसों का कहर! ऋषिकेश में स्कूली बस दुर्घटनाग्रस्त, रुड़की में महिला समेत दो की मौत
देहरादून। उत्तराखंड में शनिवार की सुबह सड़क हादसों के नाम रही। ऋषिकेश के मुनि की रेती में स्कूली बच्चों से भरी बस अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई, गनीमत रही कि बस में सवार सभी 30 लोग सुरक्षित बच गए।
वहीं, हरिद्वार जिले के रुड़की में अलग-अलग दो सड़क दुर्घटनाओं में महिला समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। एक हादसे में मां की मौत के बाद दो मासूम बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया, जबकि गुस्साए लोगों ने हाईवे पर जाम लगाकर विरोध जताया।
ऋषिकेश में बच्चों से भरी बस के फेल हुए ब्रेक, दीवार से टकराई
पहली घटना ऋषिकेश के मुनि की रेती क्षेत्र की है। शनिवार 14 नवंबर की सुबह करीब 9:40 बजे फिरोजाबाद के पंडित तिलक भानु सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को लेकर बस संख्या UP 83 AT 8300 लक्ष्मणझूला क्षेत्र की ओर जा रही थी। बस में कुल 30 लोग सवार थे।
इसी दौरान पीडब्ल्यूडी तिराहे पर अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार से जा टकराया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मुनि की रेती पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
दुर्घटना में बस चालक जयप्रकाश, हेल्पर अवधेश और विद्यालय की प्रधानाचार्य रजनी सारस्वत को हल्की चोटें आईं। तीनों को अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार दिलाया गया। बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस ने मधुबन आश्रम में उनके ठहरने और रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था भी कराई।
एसएसआई मुनि की रेती योगेश पांडेय के अनुसार, पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। शिक्षकों के साथ समन्वय बनाकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
ओवरलोडिंग पर पहले भी हो चुका था चालान, सड़क की ढलान पर सवाल
इस हादसे के बाद बस की ओवरलोडिंग और पीडब्ल्यूडी तिराहे की सड़क की ढलान को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, बस में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां होने पर पूर्व में एआरटीओ रश्मि पंत ने कार्रवाई करते हुए 21 अतिरिक्त सवारियों को उतरवाया था और ओवरलोडिंग में चालान भी किया था।
वहीं, पीडब्ल्यूडी तिराहे पर सड़क की अधिक ढलान के कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं। पुलिस की ओर से पूर्व में संबंधित विभाग को सड़क दुरुस्त कराने के लिए पत्र भी भेजा जा चुका है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
रुड़की में दो अलग-अलग हादसों में महिला समेत दो की मौत
दूसरी ओर, हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की जान चली गई। पहली घटना पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के धनौरी की है।
यहां दौलतपुर गांव निवासी अनुज पुत्र शिवराम स्कूटर से धनौरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक मिनी ट्रक ने उसके स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर धनौरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मिनी ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक की तलाश शुरू कर दी है।
ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, दो मासूमों ने खोई मां
दूसरा हादसा रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सालियर गांव के पास हाईवे पर हुआ। शनिवार सुबह बिजनौर निवासी एक परिवार बाइक से अपने घर जा रहा था। बाइक पर महिला जावेदा (29 वर्ष), उनके पति मोहम्मद मुसाद और दो बच्चे सवार थे।
इसी दौरान एक ट्रक ने बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में जावेदा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति और दोनों बच्चे बाल-बाल बच गए।
मां की मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए।
महिला की मौत पर भड़का आक्रोश, हाईवे पर लगाया जाम
हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया।
सूचना पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और आक्रोशित लोगों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
काफी देर तक हाईवे पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भिजवा दिया।
एसपी देहात अभय सिंह के अनुसार, दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिए गए हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और उनके चालकों की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार सामने आ रहे इन सड़क हादसों ने एक बार फिर उत्तराखंड में सड़क सुरक्षा, वाहनों की फिटनेस, ओवरलोडिंग और यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



