बिग ब्रेकिंग: छठ पूजा पर देहरादून में ट्रैफिक प्लान लागू, 15-16 नवंबर को कई रूट डायवर्ट

छठ पूजा पर देहरादून में ट्रैफिक प्लान लागू, 15-16 नवंबर को कई रूट डायवर्ट

देहरादून। छठ पूजा के मद्देनजर देहरादून में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने 15 और 16 नवंबर का विशेष ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है।

नंदा की चौकी स्थित छठ पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का रूट बदला गया है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए छह स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

पुलिस के मुताबिक, देहरादून से सहसपुर और विकासनगर जाने वाले वाहनों को प्रेमनगर से न्यू एक्सप्रेस-वे होते हुए सिंघनीवाला की ओर भेजा जाएगा।

वहीं, देहरादून शहर से नंदा की चौकी स्थित छठ पूजा स्थल पहुंचने वाले श्रद्धालु रांघड़वाला तिराहा और प्रेमनगर चौक के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

भाऊवाला से प्रेमनगर जाने वाले वाहनों को सुद्धोवाला चौक, बालाजी धाम कट और ठाकुरपुर रोड से होकर गुजरना होगा। इसी तरह बिधोली से प्रेमनगर जाने वाले वाहनों को नंदा की चौकी, सुद्धोवाला चौक, बालाजी धाम कट और ठाकुरपुर रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

प्रेमनगर से झाझरा, सुद्धोवाला और बिधोली जाने वाले वाहनों के लिए भी ठाकुरपुर रोड और बालाजी धाम का रूट निर्धारित किया गया है। इसके अलावा धूलकोट तिराहे से भारी वाहनों को सिंघनीवाला की ओर डायवर्ट कर बड़ोवाला के रास्ते भेजा जाएगा।

छह स्थानों पर बनाई गई पार्किंग व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात के दबाव को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने छह स्थानों पर पार्किंग निर्धारित की है।

इनमें सुभारती कॉलेज पार्किंग, उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के पास घाट, नंदा की चौकी पेट्रोल पंप के पास, आसन नदी तट, चंद्रबनी हाट बाजार ग्राउंड और मालदेवता रोड स्थित नदी क्षेत्र का खाली मैदान शामिल हैं।

सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल की अपील

पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निजी वाहनों का अनावश्यक इस्तेमाल करने से बचें और विक्रम, ऑटो तथा सिटी बस जैसे सार्वजनिक परिवहन के साधनों का अधिक से अधिक उपयोग करें। इससे पूजा स्थल के आसपास यातायात का दबाव कम रखने में मदद मिलेगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने पर ट्रैफिक क्रेन के माध्यम से उन्हें टो किया जाएगा। इसके लिए 1,500 रुपये का जुर्माना निर्धारित है। सार्वजनिक मार्गों, तिराहों और चौराहों पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई भी की जाएगी।

यातायात व्यवस्था पर नजर रखने के लिए पुलिस ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद लेगी। हालांकि, एंबुलेंस, पुलिस और फायर सर्विस जैसे आपातकालीन एवं आवश्यक सेवाओं के वाहनों की आवाजाही निर्बाध रखी जाएगी।