बड़ी खबर: लक्सर में सितारों का जमावड़ा, मीका सिंह से बी प्राक तक पहुंचे! 251 जोड़ों को दिया आशीर्वाद

लक्सर में सितारों का जमावड़ा, मीका सिंह से बी प्राक तक पहुंचे! 251 जोड़ों को दिया आशीर्वाद

लक्सर। दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद के करीब एक महीने बाद मशहूर गायक मीका सिंह पहली बार उत्तराखंड पहुंचे। मंगलवार को हरिद्वार जिले के लक्सर में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में उन्होंने शिरकत की।

खानपुर विधायक उमेश कुमार की ओर से आयोजित इस समारोह में 251 निर्धन परिवारों की बेटियों का विवाह संपन्न कराया गया। मीका सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए इस सामाजिक पहल की सराहना की।

सितारों से सजी समारोह की शाम

सामूहिक विवाह समारोह में संगीत और मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियां भी शामिल हुईं। मशहूर गायक बी प्राक, हरियाणवी गायक मासूम शर्मा, शिक्षक अवध ओझा, आचार्य बालकृष्ण और अभिनेता सलमान खान के बॉडीगार्ड शेरा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

मीका सिंह की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया। उत्तराखंड पहुंचने पर आयोजकों और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

क्या था दलेर मेहंदी से जुड़ा विवाद?

दरअसल, 18 अक्टूबर को टिहरी जिले के नरेंद्र नगर में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में दलेर मेहंदी की लाइव परफॉर्मेंस के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे थे।

उन्होंने दलेर मेहंदी पर नशे में होने और लिप-सिंक करने के आरोप लगाए थे। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया।

भाई के समर्थन में उतरे थे मीका सिंह

विवाद सामने आने के बाद मीका सिंह ने अपने बड़े भाई दलेर मेहंदी का बचाव किया था। उन्होंने मंत्री के आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि दलेर मेहंदी शराब का सेवन नहीं करते हैं और हाल ही में हुई सर्जरी के कारण उन्हें असहजता थी। मीका ने इसे कलाकारों का अपमान बताते हुए मंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग भी की थी।

सीएम धामी के हस्तक्षेप से थमा था विवाद

मामला बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीका सिंह से फोन पर बातचीत की थी। मुख्यमंत्री ने देवभूमि की अतिथि देवो भव परंपरा का हवाला देते हुए कलाकारों के सम्मान का भरोसा दिलाया था।

इसके बाद मीका सिंह ने भी विवाद को समाप्त करने की घोषणा की थी। अब करीब एक महीने बाद मीका सिंह का उत्तराखंड पहुंचना एक बार फिर इस पूरे घटनाक्रम को चर्चा में ले आया है।