क्राइम रिपोर्ट: कहीं जिंदगी बचाने की जंग, कहीं मौत का मातम! उत्तराखंड की 5 बड़ी खबरें, एक क्लिक में….

कहीं जिंदगी बचाने की जंग, कहीं मौत का मातम! उत्तराखंड की 5 बड़ी खबरें, एक क्लिक में….

देहरादून। उत्तराखंड में सोमवार का दिन एक ओर दर्दनाक हादसों और दुखद घटनाओं से भरा रहा, तो दूसरी ओर हल्द्वानी से मानवता और संवेदनशीलता की ऐसी मिसाल सामने आई जिसने लोगों का दिल छू लिया।

हरिद्वार में भवन का हिस्सा ढहने, बेकाबू बस के कहर, छात्रा की मौत और होमगार्ड पर हमले जैसी घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया, जबकि हल्द्वानी में मां को खो चुकी 13 वर्षीय बच्ची की मदद के लिए अस्पताल, प्रशासन और पुलिस एकजुट नजर आए।

हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में कैंसर से पीड़ित पूजा धामी की मौत के बाद उनकी 13 वर्षीय बेटी भावना अकेली पड़ गई। पिता पहले से गंभीर रूप से बीमार हैं और घर पर छोटे भाई-बहन उसकी राह देख रहे थे।

बच्ची की स्थिति को देखते हुए अस्पताल के कर्मचारियों ने न सिर्फ एंबुलेंस की व्यवस्था की, बल्कि आर्थिक सहायता भी जुटाई। सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रशासन और पुलिस ने मिलकर बच्ची की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित की। देर रात उसे सुरक्षा व्यवस्था के साथ पिथौरागढ़ के लिए रवाना किया गया।

वहीं हरिद्वार के धनोरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज परिसर में बनी एक इमारत का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में एक पीएसी जवान मलबे में दब गया, जिसे पुलिस और अन्य जवानों ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे उपचार के बाद एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

ज्वालापुर क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार बस ने एक ऑटो और चार कारों को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका हाथ कट गया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर वाहन कब्जे में ले लिया है।

इसी जिले में एक और दुखद घटना में 17 वर्षीय छात्रा ने कथित रूप से फ्लाईओवर से छलांग लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाई गई छात्रा की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उधर, सड़क दुर्घटना के बाद भाग रहे एक युवक ने पीछा कर रहे होमगार्ड पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बचाव के दौरान होमगार्ड का अंगूठा कट गया। आरोपी कार छोड़कर गन्ने के खेत में फरार हो गया, जबकि पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

मसूरी के भट्टा गांव क्षेत्र में भी रविवार देर शाम एक स्कूटी अनियंत्रित होकर पैराफिट से टकरा गई। हादसे में दो युवक घायल हो गए, जिनमें एक के पैर में गंभीर फ्रैक्चर और चेहरे पर चोटें आई हैं। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

एक ही दिन में सामने आई इन घटनाओं ने जहां सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, वहीं हल्द्वानी में एक अनाथ हुई बच्ची के लिए आगे आए अस्पताल कर्मियों, प्रशासन और पुलिस ने यह भी दिखाया कि कठिन परिस्थितियों में संवेदनशीलता और इंसानियत आज भी जिंदा है।