प्रेम प्रसंग में हत्या, फर्जी डिग्री से नौकरी, कार ने कुचले बच्चे और मंदिर में घुसा हाथी
देहरादून। उत्तराखंड में रविवार को अपराध, हादसे और वन्यजीव गतिविधियों से जुड़ी कई बड़ी घटनाएं सामने आईं। देहरादून में प्रेम प्रसंग के चलते हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने 12 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है।
वहीं पौड़ी में एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी डिग्री तैयार कर नौकरी हासिल करने के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार किया गया है।
दूसरी ओर कोटद्वार में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र में हाथियों के झुंड ने मंदिर परिसर और आबादी क्षेत्र में उत्पात मचाया।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला में जंगल की खाई से मिले 38 वर्षीय मदन मुखिया हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी मीना देवी और उसके कथित प्रेमी लल्लन शर्मा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे। मृतक को इस संबंध की जानकारी मिलने और दोनों को धमकी देने के बाद आरोपियों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, मीना देवी अपने पति को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में ले गई, जहां पहले से मौजूद लल्लन शर्मा के साथ मिलकर उसने धारदार चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
बाद में शव को खाई में फेंक दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद करने का दावा किया है।
फर्जी डिग्री बनवाकर मैनेजर बना युवक गिरफ्तार
पौड़ी जिले में एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी अंकतालिका और डिग्री तैयार कर नौकरी हासिल करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मनजीत सिंह को दक्षिण दिल्ली के बसंत विहार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने विश्वविद्यालय की कथित फर्जी बीबीए डिग्री और अंकतालिका के आधार पर एक निजी कंपनी में मैनेजर के पद पर नौकरी हासिल की थी।
इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
कोटद्वार में तेज रफ्तार कार का कहर, एक बच्चे की मौत
कोटद्वार के घमंडपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय वंश चौहान की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय लक्ष्य कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि दोनों बच्चे सड़क किनारे खेल रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर उन्हें कुचलते हुए एक वेडिंग प्वाइंट में जा घुसी।
घायल बच्चों को अस्पताल ले जाया गया, जहां वंश को मृत घोषित कर दिया गया। लक्ष्य की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे देहरादून रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नीलेश्वर महादेव मंदिर में घुसा हाथी, मचा हड़कंप
हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र में बीती रात जंगली हाथियों का झुंड आबादी क्षेत्र में घुस आया। इस दौरान एक हाथी नीलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में पहुंच गया और वहां काफी देर तक चहलकदमी करते हुए उत्पात मचाता रहा। हाथियों की आवाज और तोड़फोड़ से मंदिर परिसर में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
मंदिर के पुजारियों और कर्मचारियों ने घंटे-घड़ियाल बजाकर हाथियों को भगाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा गया।
वन विभाग ने लोगों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की है।


