हादसे, हंगामा और हाई अलर्ट! उत्तराखंड में दिनभर की बड़ी खबरें, एक क्लिक में पढ़ें….
देहरादून। उत्तराखंड में शनिवार का दिन हादसों, अपराध और सनसनीखेज घटनाओं से भरा रहा। नैनीताल के भूमियाधार क्षेत्र में हरियाणा के पर्यटकों की स्कॉर्पियो 250 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए।
वहीं कैंचीधाम में दर्शन के दौरान अचानक अचेत हुए एक श्रद्धालु की जान नैनीताल पुलिस के सीओ रविकांत सेमवाल ने तत्काल सीपीआर देकर बचा ली।
भूमियाधार में खाई में गिरी स्कॉर्पियो
ज्योलिकोट-भवाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूमियाधार के पास हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियो (HR-36 AP-2156) अनियंत्रित होकर करीब 250 फीट गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में सवार युवक दिल्ली से कैंचीधाम दर्शन के लिए आए थे।
हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। एक युवक वाहन में फंसा रह गया, जिसे एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायलों को भवाली सीएचसी भेजा गया है। घायलों में विक्रम नामक युवक की पहचान हुई है, जबकि मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है।
कैंचीधाम में पुलिस की तत्परता से बची जान
तीन दिन के अवकाश के चलते कैंचीधाम में भारी भीड़ उमड़ी हुई है। इसी दौरान एक श्रद्धालु अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद नैनीताल पुलिस के सीओ रविकांत सेमवाल ने तत्काल उसे सीपीआर दिया और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
कुछ ही देर में श्रद्धालु की हालत सामान्य हो गई, जिसके बाद उसे सुरक्षित उसके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
चकराता और विकासनगर में भी हादसे
देहरादून के चकराता-त्यूणी मार्ग पर सिलावड़ा गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी फोर्ड कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत और दो लोग घायल हुए।
वहीं विकासनगर के जुड्डो क्षेत्र में देहरादून से पुरोला जा रही मैक्स वाहन पलटने से 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
रुड़की में पुलिस-बदमाश मुठभेड़
हरिद्वार के खानपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और एक संदिग्ध बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले टेंपो से पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया और बाद में फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी आरिफ के पैर में गोली लगी। उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मॉरीशस में अल्मोड़ा का युवक लापता
अल्मोड़ा निवासी धर्मेंद्र बिष्ट के मॉरीशस में रहस्यमयी ढंग से लापता होने का मामला भी सुर्खियों में रहा। परिजनों ने इसे साजिश बताते हुए चार लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने मामले में विदेश मंत्रालय और भारतीय उच्चायोग को हस्तक्षेप के लिए पत्र भेजा है।
दो जिलों में मिले लापता युवकों के शव
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में मांडूवाला जंगल से एक मजदूर का शव बरामद हुआ है, जबकि टिहरी जिले में चार दिन से लापता युवक विपिन का शव सड़क किनारे घास में मिला। दोनों मामलों में हत्या की आशंका जताई जा रही है और पुलिस जांच में जुटी है।
केदारनाथ में दुकानदारों का विरोध
केदारनाथ धाम में मंदिर मार्ग से अस्थायी दुकानें हटाने की कार्रवाई के खिलाफ व्यापारियों ने हेलीपैड पर धरना शुरू कर दिया। प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण के कारण यात्रियों की आवाजाही और पुनर्निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
देहरादून में अवैध कॉल सेंटर का भंडाफोड़
एसटीएफ और देहरादून पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में जीएमएस रोड स्थित एक कॉल सेंटर पर छापा मारकर अवैध सिम बॉक्स नेटवर्क का खुलासा किया। मौके से सिम बॉक्स, दर्जनों सिम कार्ड और बैंक ग्राहकों का डेटा बरामद हुआ। दो अधिकारियों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया गया है।
हरिद्वार के होटल में श्रद्धालु का शव मिला
बदरीनाथ दर्शन के बाद हरिद्वार पहुंचे फतेहपुर निवासी 48 वर्षीय राजेश का शव रेलवे स्टेशन के पास एक होटल के कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस शुरुआती जांच में गृह क्लेश के चलते आत्मघाती कदम उठाए जाने की आशंका जता रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी।


