ASI गिरफ्तार, जनाधार केंद्र बंद, हादसों में 3 की मौत और कई बड़ी खबरें, पढ़ें….
देहरादून। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार, सरकारी व्यवस्था में अनियमितताओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को लेकर कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। हरिद्वार में सतर्कता विभाग ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते महिला ASI को गिरफ्तार किया है।
जबकि देहरादून में MBBS दाखिलों से जुड़े फर्जी आश्रित प्रमाण पत्र प्रकरण के बाद कलेक्ट्रेट स्थित जनाधार केंद्र बंद कर दिया गया है। वहीं, जसपुर में भीषण सड़क हादसे के बाद दो चौकी प्रभारी लाइन हाजिर किए गए हैं।
इसके अलावा दून अस्पताल की इमरजेंसी में चापड़ लेकर घुसने के मामले में आरोपी गिरफ्तार हुआ है, जबकि कालागढ़ में सिंचाई विभाग के अवर अभियंता की करंट लगने से मौत और रुड़की में IIT के थॉम्सो फेस्टिवल से लौट रहे नाबालिग भाई-बहन से मारपीट के मामले भी चर्चा में हैं। उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता का भूकंप आने से लोगों में दहशत फैल गई।
रिश्वत लेते महिला ASI गिरफ्तार
हरिद्वार के रानीपुर थाने में तैनात महिला सहायक उपनिरीक्षक सोनिया को सतर्कता विभाग ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि वह लेनदेन के विवाद में दूसरे पक्ष के साथ समझौता कराकर मामला निपटाने के एवज में रिश्वत मांग रही थी।
सतर्कता विभाग के टोल फ्री नंबर 1064 पर मिली शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद ट्रैप टीम गठित की गई। शनिवार, 10 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए महिला ASI को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
फर्जी प्रमाण पत्र प्रकरण में जनाधार केंद्र बंद
देहरादून के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जनाधार केंद्र को फर्जी आश्रित प्रमाण पत्र प्रकरण के सामने आने के बाद बंद कर दिया गया है। केंद्र में तैनात तीनों कर्मचारियों को भी हटा दिया गया है।
प्रशासन के अनुसार जांच पूरी होने के बाद नए कर्मचारियों की तैनाती कर केंद्र का संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा। आरोप है कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित होने के नाम पर कथित फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कर एमबीबीएस दाखिलों में लाभ लिया गया।
मामले में जिलाधिकारी आशीष चौहान पहले ही दो पटवारियों को निलंबित कर चुके हैं। एसआईटी पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में संभावित अनियमितताओं की पड़ताल की जा रही है।
जसपुर हादसे के बाद दो चौकी प्रभारी लाइन हाजिर
ऊधमसिंह नगर जिले के कुंडा कोतवाली क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद एसएसपी अजय गणपति ने कार्रवाई करते हुए शिवराजपुर पट्टी चौकी प्रभारी सौरभ भारती और मंडी चौकी प्रभारी मनोज देव को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।
10 अक्टूबर को हुए हादसे में तीन लोगों की मौत और सात लोगों के घायल होने की सूचना सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और प्रभावी चेकिंग अभियान में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए यह कदम उठाया गया। एसएसपी ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को ड्यूटी में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।
दून अस्पताल की इमरजेंसी में चापड़ लेकर घुसा युवक, गिरफ्तार
देहरादून के राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय की इमरजेंसी में दो पक्षों के बीच मारपीट और चापड़ लेकर घुसने के मामले में पुलिस ने आरोपी रौनक मल्होत्रा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 9 अक्टूबर की सुबह की बताई गई है।
आरोप है कि अस्पताल में पहले से मौजूद एक पक्ष के पीछे दूसरा पक्ष भी पहुंच गया, जिसके बाद हंगामा और मारपीट हुई। घटना के दौरान मरीजों, तीमारदारों और मेडिकल स्टाफ के बीच अफरातफरी मच गई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चापड़ बरामद किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। घटना ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
कालागढ़ में करंट लगने से अवर अभियंता की मौत
कालागढ़ में सिंचाई विभाग के शिविर प्रबंध खंड में तैनात अवर अभियंता अनिल कुमार रविवार को अपने आवास के बाथरूम में बेहोश मिले। सूचना मिलने पर विभागीय कर्मचारी और पुलिस मौके पर पहुंचे, जहां उनकी मौत की पुष्टि हुई।
प्रारंभिक जांच में बाथरूम में लगे गीजर से करंट लीक होने की आशंका जताई गई है। अनिल कुमार के दाएं हाथ पर करंट लगने का निशान भी मिला। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के निवासी थे और उनका परिवार काशीपुर में रहता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
IIT रुड़की के थॉम्सो से लौट रहे भाई-बहन से मारपीट का आरोप
रुड़की में IIT के सांस्कृतिक उत्सव थॉम्सो से लौट रहे नाबालिग भाई-बहन के साथ मारपीट और धमकाने का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार, उत्सव के दौरान कुछ युवकों ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ की।
भाई के विरोध करने पर उसे धमकी दी गई। आरोप है कि बाद में होटल पोलरिस के पास युवकों ने दोनों को रोककर मारपीट की और पिस्टल दिखाकर धमकाया।
मारपीट में घायल भाई को सिविल अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। पुलिस को तहरीर मिल चुकी है और मामले की जांच की जा रही है।
उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता का भूकंप, लोगों में दहशत
उत्तरकाशी जिला मुख्यालय और यमुनोत्री घाटी के कुछ इलाकों में शनिवार रात करीब 8:07 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी में भूकंप की तीव्रता 4.2 दर्ज की गई और इसका केंद्र बसुंगा गांव के जंगलों में बताया गया।
वहीं, राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार बागेश्वर में 2.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। उत्तरकाशी प्रशासन ने फिलहाल किसी जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं दी है। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति सामान्य है।
जसपुर में टाटा 709 और ई-रिक्शा की टक्कर, तीन की मौत
ऊधमसिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र में बड़ी नहर के पास टाटा 709 और ई-रिक्शा की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। मृतकों में ई-रिक्शा चालक शहजाद पुत्र रमजान अली की पहचान हुई है।
अन्य मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के बाद टाटा 709 का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।



