हरिद्वार में धामी कैबिनेट की बैठक, 13 प्रस्तावों पर लगी मुहर
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हरिद्वार में आयोजित कैबिनेट बैठक में विकास योजनाओं से जुड़े 13 प्रस्ताव पेश किए गए, जिन्हें मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के फैसले जनता के बीच जाकर लेने के उद्देश्य से हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सभी मंत्रियों की सामूहिक सोच है कि जनता के बीच जाकर बैठकें की जाएं, ताकि जनहित से जुड़े निर्णय लोगों के बीच रहकर लिए जा सकें।
बैठक से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना की और गंगा आरती में भाग लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
मुख्यमंत्री ने मां गंगा से देश की निरंतर प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना भी की। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं दीं और उनके दीर्घायु जीवन की कामना की।



