जिज्ञासा विश्वविद्यालय में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का दौरा, अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग पर जोर
देहरादून। जिज्ञासा विश्वविद्यालय में केंट स्टेट यूनिवर्सिटी, अमेरिका के प्रतिनिधिमंडल के दौरे के दौरान विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम और अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग बढ़ाने, विद्यार्थियों को वैश्विक अवसरों से जोड़ने और विभिन्न शैक्षणिक विषयों के बीच समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
केंट स्टेट यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ साइंसेज एंड ह्यूमैनिटीज की डीन डॉ. मैंडी मुनरो स्टासियुक ने “साइंस, लिबरल आर्ट्स एंड जीआईएस: एन इंटरडिसिप्लिनरी एप्रोच टू अंडरस्टैंडिंग अवर वर्ल्ड” विषय पर व्याख्यान दिया।
उन्होंने विज्ञान, उदार कला और भौगोलिक सूचना प्रणाली (GIS) के समन्वय को वैश्विक एवं सामाजिक चुनौतियों को समझने का प्रभावी माध्यम बताया।
उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा में अंतर्विषयक दृष्टिकोण की महत्ता समझाते हुए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के साथ मानविकी और सामाजिक विज्ञान के समन्वय की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
विश्वविद्यालय के उपकुलपति प्रो. डॉ. संदीप कौटिश ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के साथ शैक्षणिक संवाद विद्यार्थियों और शिक्षकों को वैश्विक दृष्टिकोण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने केंट स्टेट यूनिवर्सिटी के साथ भविष्य में शैक्षणिक सहयोग और सहभागिता बढ़ाने की संभावनाओं पर भी प्रसन्नता व्यक्त की।
प्रतिनिधिमंडल में केंट स्टेट यूनिवर्सिटी इंडिया की निदेशक ज्योत्सना मिश्रा, इंटरनेशनल प्रोग्राम्स के असिस्टेंट डायरेक्टर एंड्रयू पेपर और यूनिवर्सिटी रिप्रेजेंटेटिव आस्था मेहेंदिरत्ता शामिल रहे।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन अवसर पर रजिस्ट्रार डॉ. जशनदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के डीन, शिक्षक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



