नर्सिंग के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का भव्य स्वागत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

नर्सिंग के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का भव्य स्वागत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
  • श्री गुरु राम राय कॉलेज ऑफ नर्सिंग में इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित, डॉ. जी. रामालक्ष्मी ने सेवा, समर्पण और अनुशासन का दिया संदेश

देहरादून। श्री गुरु राम राय कॉलेज ऑफ नर्सिंग में शुक्रवार को नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया।

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में नए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान सीनियर विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति विपिन चन्द्र घिल्डियाल, कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी, आईक्यूएसी सेल की निदेशक डॉ. सोनिया गंभीर, डॉ. अरुण कुमार, डिप्टी डायरेक्टर आईक्यूएसी और कॉलेज ऑफ नर्सिंग की डीन डॉ. जी. रामालक्ष्मी ने किया।

इस अवसर पर डॉ. जी. रामालक्ष्मी ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है।

उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अनुशासन, मानवीय संवेदनाओं और मरीजों की देखभाल के प्रति प्रतिबद्ध रहने की सीख दी। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्य, निरंतर मेहनत और लगन के बल पर विद्यार्थी अपने क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं।

नर्सिंग पाठ्यक्रमों और शैक्षणिक अवसरों की दी जानकारी

इंडक्शन प्रोग्राम के दौरान विद्यार्थियों को एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग, बीएससी नर्सिंग, जीएनएम और एएनएम पाठ्यक्रमों की जानकारी दी गई।

साथ ही उन्हें कॉलेज एवं विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अध्ययन प्रणाली और उपलब्ध अवसरों से परिचित कराया गया, ताकि वे अपनी नई शैक्षणिक यात्रा को बेहतर ढंग से आगे बढ़ा सकें।

गीत-संगीत और नृत्य ने मोहा मन

कार्यक्रम में सीनियर विद्यार्थियों ने शानदार डांस प्रस्तुतियों और गीतों से समां बांध दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली। गीत-संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों पर ऑडिटोरियम तालियों से गूंज उठा।

कार्यक्रम ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण से परिचित होने, वरिष्ठ विद्यार्थियों के साथ जुड़ने और उत्साह के साथ अपने नए सफर की शुरुआत करने का अवसर प्रदान किया।