दून में ट्रिपल मर्डर से दहशत, हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, लक्सर हादसे में 4 की मौत और….
देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार का दिन कई बड़ी घटनाओं के नाम रहा। राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र में एक ही घर में दंपती और उनकी नौकरानी की हत्या से सनसनी फैल गई।
वहीं चारधाम यात्रा के दौरान खराब मौसम के बीच अगस्त्यमुनि में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग ने हेली सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। दूसरी ओर लक्सर में स्कॉर्पियो और डंपर की भीषण टक्कर में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई।
हरिद्वार में पुरानी रंजिश में फायरिंग करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया, जबकि ज्वालापुर सब्जी मंडी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से भी हड़कंप मच गया।
देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में बदमाशों ने घर में घुसकर दंपती और उनकी नौकरानी की हत्या कर दी। घटना के समय घर में केवल तीनों लोग मौजूद थे, जबकि दंपती के बच्चे बाहर रहते हैं। पुलिस लूट और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
उधर रुद्रप्रयाग जिले में मौसम खराब होने के कारण हिमालयन हेली सर्विसेज के एक हेलीकॉप्टर की अगस्त्यमुनि खेल मैदान में एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह यात्री सुरक्षित हैं।
घटना के बाद खराब मौसम में हेली सेवाओं के संचालन और सुरक्षा मानकों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच केदारनाथ धाम में एक श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने पर उसे एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर भेजा गया।
हरिद्वार के पथरी क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग करने वाले आरोपी अर्जुन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर तमंचा और कारतूस भी बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने फायरिंग के बाद खुद को पीड़ित दिखाने के लिए 112 पर झूठी सूचना भी दी थी।
ज्वालापुर सब्जी मंडी में खरीदारी करने पहुंचे एक युवक की अचानक सड़क पर गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का खुलासा रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
वहीं लक्सर-पुरकाजी रोड पर भैंसली वाला गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मिट्टी से भरे डंपर की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों में एक ही परिवार के सदस्य शामिल हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में अवैध खनन और बेलगाम डंपरों को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला है।



