बिग ब्रेकिंग: UKSSSC की लाइनमैन, मनोवैज्ञानिक और प्रशिक्षक भर्ती परीक्षा संपन्न, इतनी रही उपस्थिति

UKSSSC की लाइनमैन, मनोवैज्ञानिक और प्रशिक्षक भर्ती परीक्षा संपन्न, इतनी रही उपस्थिति

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से लाइनमैन, मनोवैज्ञानिक और प्रशिक्षक/अनुदेशक के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को देहरादून में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें अलग-अलग पदों के लिए अभ्यर्थियों की उपस्थिति में अंतर देखने को मिला।

आयोग की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, प्रथम पाली में लाइनमैन और मनोवैज्ञानिक पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई। इसमें लाइनमैन पद के लिए लगभग 60 प्रतिशत और मनोवैज्ञानिक पद के लिए करीब 71 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

वहीं, दूसरी पाली में आयोजित प्रशिक्षक/अनुदेशक पदों की लिखित परीक्षा में लगभग 53 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने भाग लिया।

पारदर्शिता के लिए सीसीटीवी और जैमर लगाए

परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए आयोग ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और जैमर की व्यवस्था की थी। इसके साथ ही अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति भी दर्ज की गई।

परीक्षा की निगरानी के लिए आयोग कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया, जहां से अधिकारियों और कर्मचारियों ने परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लाइव निगरानी की।

आयोग ने प्रशासन और परीक्षा केंद्रों का जताया आभार

आयोग के अनुसार, 25 अक्टूबर को दो पालियों में आयोजित तीनों पदों की लिखित परीक्षाएं सफलतापूर्वक संपन्न कराई गईं।

परीक्षा के सुचारु संचालन में सहयोग के लिए आयोग ने सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्र अधीक्षकों, देहरादून जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों, सेवा प्रदाताओं और आयोग के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

गौरतलब है कि इन पदों के लिए भर्ती विज्ञापन संख्या 74/उ०अ०से०च०आ०/2025, दिनांक 3 दिसंबर 2025 के तहत जारी किया गया था।