क्राइम अपडेट: हरिद्वार में सड़क पर बवाल, हल्द्वानी-लालकुआं में मातम। तीन दिन में पांच लोगों की मौत

हरिद्वार में सड़क पर बवाल, हल्द्वानी-लालकुआं में मातम। तीन दिन में पांच लोगों की मौत

हरिद्वार। शहर के व्यस्त इलाके रानीपुर मोड़ पर देर रात कार को ओवरटेक करने को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग ईंट-पत्थर तथा लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े।

सड़क पर जमकर मारपीट होने से अफरा-तफरी मच गई। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और मारपीट में शामिल कई लोगों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के मुताबिक, रानीपुर मोड़ पर कार को आगे निकालने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों गुट आमने-सामने आ गए।

देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चलने लगे। सड़क पर अचानक हुए इस हंगामे से आसपास के लोगों और व्यापारियों में दहशत फैल गई।

मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक हंगामा चलता रहा। इस बीच किसी ने घटना का वीडियो मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

सूचना मिलने पर ज्वालापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने मारपीट में शामिल कई लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि रानीपुर मोड़ पर दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की।

मारपीट करने वाले कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हल्द्वानी-लालकुआं मार्ग पर तीन दिन में पांच मौतें, सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल

हल्द्वानी से लालकुआं के बीच लगातार हो रहे सड़क हादसों ने यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तीन दिन के भीतर हुए दो अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की मौत हो चुकी है।

पहले हल्द्वानी के तीनपानी ओवरब्रिज पर कार डिवाइडर से टकराने के बाद तीन किशोरों की जान चली गई थी, जबकि एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हुई थी। अब लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर में स्कूटी और कैंटर की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई।

लगातार सामने आ रहे इन हादसों ने तेज रफ्तार, ओवरटेकिंग और यातायात व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। तीनपानी ओवरब्रिज पर हुए हादसे में कार में चार नाबालिग सवार थे।

बताया गया कि ओवरटेक करने के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई।

इस हादसे के कुछ ही दिन बाद लालकुआं क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर एक और दर्दनाक दुर्घटना हो गई। लालकुआं कोतवाली से करीब चार किलोमीटर दूर सुभाष नगर क्षेत्र में देर रात स्कूटी और कैंटर की टक्कर हो गई।

हादसे में स्कूटी सवार चेतन बिष्ट (21), निवासी पश्चिमी दौलतपुर, काठगोदाम और दीक्षित बिष्ट (24), निवासी भवाली गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बाईपास निर्माण से भारी यातायात का दबाव घटने की उम्मीद

लालकुआं में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र लौटनी ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि सुभाष नगर क्षेत्र में दो युवकों की मौत दुखद है।

हादसों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को मिलकर ठोस कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने लालकुआं बाईपास के निर्माण को मंजूरी दे दी है। बाईपास बनने के बाद भारी वाहनों का यातायात वैकल्पिक मार्ग से गुजर सकेगा, जिससे मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होने और दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

लगातार हो रहे इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार पर नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन की जरूरत को सामने ला दिया है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग दुर्घटनाओं को रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।