क्राइम अपडेट: इमरजेंसी लैंडिंग, रिसॉर्ट पर छापा, फायरिंग का खुलासा और प्रेमनगर में हंगामा

इमरजेंसी लैंडिंग, रिसॉर्ट पर छापा, फायरिंग का खुलासा और प्रेमनगर में हंगामा

देहरादून। उत्तराखंड में रविवार को सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े कई बड़े घटनाक्रम सामने आए। नैनीताल जिले में खराब मौसम के कारण पिथौरागढ़ से हल्द्वानी आ रहे एक निजी हेलिकॉप्टर की काठगोदाम के नगर निगम इंटर कॉलेज मैदान में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित रहे।

उधर, रामनगर के एक रिसॉर्ट पर पुलिस ने देर रात छापेमारी कर कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान 52 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की 10 युवतियों को रेस्क्यू किया गया।

पुलिस ने मौके से बिना लाइसेंस संचालित बार, अवैध शराब, नकदी और अन्य सामग्री भी बरामद करने का दावा किया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

इधर, देहरादून के रायपुर स्थित शराब के ठेके के बाहर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि फायरिंग किसी गैंगवार का नहीं, बल्कि बिजनौर में शादी समारोह के दौरान हुए पुराने विवाद और रंजिश का नतीजा थी। मुख्य आरोपी अभी भी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

वहीं, देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में एक मकान में युवती के साथ दो युवकों के मिलने की सूचना पर स्थानीय लोगों ने हंगामा कर दोनों युवकों के साथ मारपीट कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और पहचान छिपाने या अन्य लगाए गए आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।