थराली बाजार में पुराने लकड़ी के मकान में भीषण आग, क्षेत्र में मचा हड़कंप
रिपोर्ट- गिरीश चंदोला
चमोली जिले के थराली विकासखंड स्थित मुख्य बाजार के समीप एक पुराने लकड़ी के मकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। स्थानीय लोगों की मदद से आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
जानकारी के अनुसार, मकान में एक महिला रहती थी, जो दिहाड़ी मजदूरी कर अपना जीवनयापन करती है। घटना के समय महिला मजदूरी के लिए बाहर गई हुई थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के दौरान मकान के भीतर कोई मौजूद नहीं था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मकान पूरी तरह लकड़ी का बना हुआ था, जिसके चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के मकानों को भी खतरा पैदा हो गया था।
सूत्रों के मुताबिक मकान के अंदर एक गैस सिलेंडर भी रखा हुआ था। हालांकि सिलेंडर में गैस भरी थी या नहीं, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
एहतियात के तौर पर पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया है और लोगों से आग वाली जगह से दूर रहने की अपील की है।
फिलहाल दमकल विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी हुई है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

