गायक मासूम शर्मा को दून पुलिस का अंतिम रिमाइंडर, पेश नहीं हुए तो जारी होगा वारंट
देहरादून। डीएवी पीजी कॉलेज में छात्र संघ समारोह के दौरान मंच से कथित आपत्तिजनक शब्दों और अभद्र भाषा के इस्तेमाल के मामले में हरियाणा के गायक मासूम शर्मा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
दून पुलिस ने गायक को रिमाइंडर नोटिस भेजकर तत्काल जांच अधिकारी के समक्ष पेश होने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि नोटिस के बावजूद पेश न होने की स्थिति में उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट की कार्रवाई की जाएगी।
मामला 11 अप्रैल को डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित छात्र संघ कार्यक्रम से जुड़ा है। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान मंच से गायक मासूम शर्मा ने सार्वजनिक रूप से कई बार अभद्र भाषा और गाली-गलौज का प्रयोग किया, जिससे छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों में नाराजगी फैल गई।
इस मामले में छात्र संघ प्रतिनिधि प्रांचल ने कोतवाली डालनवाला में शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं अधिवक्ता सेवा मंच के अध्यक्ष संदीप मोहन चमोली ने भी गायक के खिलाफ तहरीर दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पहले भी जारी हुआ था नोटिस
मुकदमा दर्ज होने के बाद डालनवाला पुलिस ने गायक मासूम शर्मा को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया था। हालांकि, व्यस्तता का हवाला देते हुए उन्होंने अपने भाई और अधिवक्ता को देहरादून भेजा था।
बताया गया कि गायक ने एक मई को दून पुलिस से संपर्क कर 10 मई तक का समय मांगा था, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी वह पुलिस के समक्ष पेश नहीं हुए।
पुलिस ने दी सख्त चेतावनी
एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, दून पुलिस की ओर से अब रिमाइंडर नोटिस जारी कर तत्काल जांच अधिकारी के सामने उपस्थित होने को कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इसके बाद भी गायक पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करवाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कार्यक्रम में मौजूद थे कई बड़े चेहरे
गौरतलब है कि छात्र संघ के इस कार्यक्रम में पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए थे। हालांकि, बताया जा रहा है कि विवादित घटनाक्रम से पहले ही मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल से निकल चुके थे। वहीं खानपुर विधायक उमेश कुमार उस दौरान मंच पर मौजूद थे।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया था। इसके बाद दून पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए गायक को नोटिस जारी किया था।
वीडियो जारी कर मांगी थी माफी
विवाद बढ़ने पर मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उत्तराखंड की जनता से माफी मांगी थी। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम के दौरान आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल को लेकर अपनी सफाई भी दी थी।

