बड़ी खबर: “शराब पीकर करता था मारपीट”, हरकी पैड़ी वायरल वीडियो में पत्नी का बड़ा खुलासा

“शराब पीकर करता था मारपीट”, हरकी पैड़ी वायरल वीडियो में पत्नी का बड़ा खुलासा

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार की हर की पौड़ी पर वायरल हुए एक विवादित वीडियो ने सोशल मीडिया से लेकर धार्मिक संगठनों तक हलचल मचा दी है।

वीडियो में एक युवक अपनी पत्नी की माला चढ़ी तस्वीर के साथ गंगा घाट पर दिखाई देता है, जहां वह कथित तौर पर तस्वीर पर थूकता है, पिंडदान जैसी क्रिया करता है और बाद में तस्वीर को गंगा में प्रवाहित कर देता है।

अब इस मामले में युवक की पत्नी नेहा अरोड़ा सामने आई हैं और उन्होंने अपने पति अमित अरोड़ा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

नेहा अरोड़ा ने वीडियो जारी कर कहा कि सोशल मीडिया पर उनके बारे में फैलाई जा रही बातें गलत और भ्रामक हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी भी कोई आपत्तिजनक वीडियो या रील नहीं बनाई।

उनके अनुसार, उनके और पति अमित अरोड़ा के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है और दोनों पिछले दो महीनों से अलग रह रहे हैं। तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन है।

नेहा ने आरोप लगाया कि उनके पति शराब के नशे में अक्सर गाली-गलौज और मारपीट करते थे। उन्होंने कहा कि वर्षों तक सब कुछ सहने के बाद उन्होंने बच्चों के भविष्य को देखते हुए अलग होने का फैसला लिया।

उनका आरोप है कि निजी विवाद और गुस्से में उनके पति ने धार्मिक स्थल पर इस तरह की हरकत कर सार्वजनिक तमाशा बनाया।

वायरल वीडियो में युवक पत्नी की माला चढ़ी तस्वीर लेकर हर की पौड़ी घाट पर दिखाई देता है। वीडियो में वह तस्वीर पर कई बार थूकता है, कथित तौर पर पिंडदान जैसी प्रक्रिया करता है और फिर तस्वीर को गंगा में बहा देता है।

इसके अलावा युवक अपने गले में पड़ा सफेद गमछा भी हवा में घुमाकर गंगा में प्रवाहित करता नजर आता है। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और कुछ लोग मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करते दिखाई दिए।

घटना के बाद तीर्थ पुरोहित समाज और कई हिंदूवादी संगठनों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि हर की पौड़ी करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और निजी विवादों को धार्मिक परंपराओं से जोड़कर सार्वजनिक रूप देना बेहद आपत्तिजनक है। तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित ने प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं उत्तराखंड पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो हाल का है या पुराना और घटना हरिद्वार के किस घाट की है।

अधिकारियों का कहना है कि युवक की पहचान और वीडियो की पुष्टि के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।