युवक आत्महत्या मामले में पूरी चौकी सस्पेंड। पांच पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
नैनीताल। खैरना चौकी क्षेत्र में युवक की आत्महत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंजूनाथ टीसी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरी खैरना चौकी को सस्पेंड कर दिया है। चौकी प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बेतालघाट क्षेत्र के लोहाली गांव निवासी बालम सिंह बिष्ट ने आत्महत्या कर ली थी। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना से पहले पुलिसकर्मियों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया था।
मृतक की बहन मुन्नी जलाल की तहरीर और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि 28 अप्रैल को बालम सिंह बिष्ट खैरना क्षेत्र में नदी और पहाड़ी का वीडियो बना रहा था।
इसी दौरान उसकी पुलिसकर्मियों से कहासुनी हो गई। पुलिस ने उसका मेडिकल कराया, जिसमें शराब के नशे में होने की पुष्टि होने पर पुलिस एक्ट में चालान कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि घर लौटते समय बालम ने अपनी बहन और जीजा को फोन कर बताया था कि पुलिसकर्मियों ने उसका सिम कार्ड तोड़ दिया और उससे पांच हजार रुपये भी छीन लिए। परिवार का कहना है कि इसी मानसिक तनाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया।
मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में भी पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले में खैरना चौकी प्रभारी रमेश पंत समेत एक महिला पुलिसकर्मी सहित कुल पांच कर्मियों को हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। वहीं चौकी में नई तैनाती भी कर दी गई है।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कर्मियों को हटाया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं मृतक की बहन मुन्नी जलाल ने परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


