काशीपुर अस्पताल से ऑक्सीजन सिलेंडर चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
- सिलेंडरों की संख्या को लेकर भ्रम, 3-4 की पुष्टि तो 100 तक की आशंका; पुलिस जांच शुरू
रुद्रपुर। काशीपुर स्थित एलडी भट्ट उप जिला राजकीय चिकित्सालय से ऑक्सीजन सिलेंडरों की चोरी का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। अस्पताल प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज करा दिया है।
जानकारी के अनुसार अस्पताल के स्टोर में रखे ऑक्सीजन सिलेंडर अचानक गायब पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक अस्पताल से करीब 100 ऑक्सीजन सिलेंडर चोरी होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) संदीप कुमार दीक्षित ने इस संख्या की पुष्टि नहीं की है। उनका कहना है कि शुरुआती जांच में 3 से 4 सिलेंडर चोरी होने की बात सामने आई है।
यह भी बताया जा रहा है कि अस्पताल में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। पूर्व में यहां से बाइक और एयर कंडीशनर चोरी होने के मामले सामने आ चुके हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर के आसपास असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है, जो इस तरह की घटनाओं को बढ़ावा देता है।
गौरतलब है कि कोरोना काल के दौरान ऑक्सीजन की भारी किल्लत के बीच विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इस अस्पताल को बड़ी संख्या में ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराए थे।
उस समय अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट नहीं था, लेकिन अब प्लांट स्थापित हो चुका है और सिलेंडरों को गोदाम में रखा गया था।
सीएमएस संदीप कुमार दीक्षित ने बताया कि उन्हें अस्पताल में कार्यभार संभाले 6-7 महीने ही हुए हैं और अभी तक सिलेंडरों की कुल संख्या का स्पष्ट रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने कहा कि चोरी की घटना की पुष्टि हो चुकी है और मामले की जांच जारी है। फिलहाल अस्पताल में सुरक्षा बढ़ाने के लिए एक पीआरडी जवान की तैनाती की गई है और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

