बिटकॉइन ठगी कांड में ED का शिकंजा, देहरादून समेत इन शहरों में छापेमारी
रिपोर्ट- दिलीप अरोरा
देहरादून। उधम सिंह नगर के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में बिटकॉइन निवेश के नाम पर हुई करोड़ों की ठगी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) का एक्शन तेज हो गया है।
इसी क्रम में एजेंसी ने देहरादून, दिल्ली और रुड़की में एक साथ छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया। यह रेड आरोपी हेमंत मोहन शर्मा के ठिकानों पर की गई है।
तीन शहरों में एक साथ ED की रेड
ED की टीम ने 23 अप्रैल को देहरादून के मोहिनी रोड स्थित हेमंत शर्मा के आवास सहित कई ठिकानों पर छापा मारा। इसके अलावा दिल्ली और रुड़की में भी उससे जुड़े परिसरों की तलाशी ली गई। अधिकारियों के मुताबिक, इस दौरान कई अहम दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जुटाए गए हैं, जिनकी जांच जारी है।
बिटकॉइन निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोप
हेमंत मोहन शर्मा पर आरोप है कि उसने लोगों को बिटकॉइन में निवेश के नाम पर झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी की। पीड़ितों की शिकायत के आधार पर दिनेशपुर थाने में उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद पुलिस और अन्य एजेंसियों ने जांच शुरू की।
पहले ही अटैच हो चुकी है संपत्ति
ED इससे पहले भी आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर चुकी है। एजेंसी लगभग 4 करोड़ रुपये की संपत्ति को अटैच कर चुकी है। इससे साफ है कि हेमंत शर्मा पहले से ही आर्थिक अपराधों के मामलों में जांच एजेंसियों के रडार पर था।
दस्तावेज खंगाल रही जांच एजेंसी
ED अधिकारियों के अनुसार, देहरादून स्थित आवास से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड बरामद किए गए हैं। इनकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है, जिससे ठगी के नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों का खुलासा हो सकता है।
निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह
जांच एजेंसियों ने आम लोगों को सावधान करते हुए कहा है कि किसी भी तरह के निवेश से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें, खासकर क्रिप्टोकरेंसी जैसे अनियमित क्षेत्रों में।

