UPL 2026 के लिए टीमें तैयार, 21 सितंबर से रायपुर में क्रिकेट का महाकुंभ
देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) 2026 के तीसरे संस्करण का रोमांच अब और बढ़ गया है। प्लेयर्स ड्राफ्ट के बाद पुरुष और महिला वर्ग की सभी टीमों ने अपने स्क्वाड को अंतिम रूप दे दिया है।
राज्य के अनुभवी क्रिकेटरों और युवा प्रतिभाओं से सजी टीमें 21 सितंबर से 1 अक्टूबर तक देहरादून के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर में खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित टी-20 लीग में पुरुष वर्ग की सात टीमें पिथौरागढ़ हरिकेन्स, यूएसएन इंडियंस, नैनीताल टाइगर्स, ऋषिकेश रिवर किंग्स, हरिद्वार एल्मास, टिहरी टाइटन्स और देहरादून वॉरियर्स हिस्सा लेंगी।
वहीं महिला वर्ग में मसूरी क्वींस, बागेश्वर एरियल, पिथौरागढ़ हरिकेन्स और देहरादून वॉरियर्स खिताबी दौड़ में उतरेंगी।
इस बार लीग में आकाश मधवाल, सुचित जे, अवनीश सुधा, युवराज चौधरी, तेजस्वी जायसवाल, कुणाल चंदेला और मयंक मिश्रा जैसे चर्चित खिलाड़ी आइकन प्लेयर के रूप में अपनी-अपनी टीमों का नेतृत्व करेंगे। इन खिलाड़ियों की मौजूदगी से प्रतियोगिता का स्तर और रोमांच दोनों बढ़ने की उम्मीद है।
ऋषिकेश रिवर किंग्स ने तेज गेंदबाज आकाश मधवाल को अपना आइकन प्लेयर चुना है, जबकि यूएसएन इंडियंस ने सुचित जे को बरकरार रखा है। नैनीताल टाइगर्स की कमान अवनीश सुधा संभालेंगे।
युवराज चौधरी हरिद्वार एल्मास, तेजस्वी जायसवाल टिहरी टाइटन्स, कुणाल चंदेला देहरादून वॉरियर्स और मयंक मिश्रा पिथौरागढ़ हरिकेन्स के आइकन खिलाड़ी होंगे।
सीएयू सचिव किरण वर्मा ने कहा कि प्लेयर्स ड्राफ्ट ने राज्यभर की प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने का काम किया है। इससे खिलाड़ियों को उच्च स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
वहीं बीसीसीआई के पूर्व उपाध्यक्ष एवं सीएयू के पूर्व सचिव महिम वर्मा ने कहा कि यूपीएल उत्तराखंड के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का मजबूत माध्यम बन चुका है और आईपीएल 2027 से पहले यह खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मंच होगा।
यूपीएल चेयरपर्सन सुनील जोशी ने कहा कि ड्राफ्ट के बाद सभी टीमों में अनुभव और युवा जोश का संतुलन देखने को मिल रहा है, जो उत्तराखंड क्रिकेट की बढ़ती गहराई को दर्शाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तीसरा संस्करण अब तक का सबसे प्रतिस्पर्धी और रोमांचक सीजन साबित होगा।
पुरुष वर्ग की सभी सात टीमों ने अपने स्क्वाड में सीनियर खिलाड़ियों के साथ अंडर-23, अंडर-19 और अनकैप्ड खिलाड़ियों को भी शामिल किया है।
इससे युवा खिलाड़ियों को अनुभवी क्रिकेटरों के साथ खेलने और अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलेगा। महिला वर्ग में भी चारों फ्रेंचाइजी ने अपने-अपने आइकन खिलाड़ियों के नेतृत्व में संतुलित टीमों का गठन किया है।
स्क्वाड्स के अंतिम रूप लेने के बाद अब सभी की नजरें 21 सितंबर से शुरू होने वाले मुकाबलों पर हैं। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि यूपीएल 2026 राज्य के खिलाड़ियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा और उत्तराखंड क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


