UPL 2026: बारिश के बीच पिथौरागढ़ और टिहरी का जलवा, फाइनल की जंग हुई और दिलचस्प

बारिश के बीच पिथौरागढ़ और टिहरी का जलवा, फाइनल की जंग हुई और दिलचस्प

देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 में बारिश लगातार मुकाबलों को प्रभावित कर रही है, लेकिन खिलाड़ियों का जोश और रोमांच कम नहीं हुआ है।

रविवार को खेले गए वर्षा प्रभावित मुकाबलों में पिथौरागढ़ हरिकेन्स और टिहरी टाइटंस ने शानदार जीत दर्ज कर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। दोनों मैचों में दर्शकों को विस्फोटक बल्लेबाजी, तेज रनगति और रोमांचक क्रिकेट का भरपूर रोमांच देखने को मिला।

दिन के पहले मुकाबले में पिथौरागढ़ हरिकेन्स ने नैनीताल टाइगर्स को DLS नियम के तहत 27 रनों से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पिथौरागढ़ ने 14 ओवर में 7 विकेट खोकर 159 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम को सलामी बल्लेबाज आंजनेय सूर्यवंशी और समर्थ सेमवाल ने तूफानी शुरुआत दिलाई।

सूर्यवंशी ने मात्र 24 गेंदों में 73 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि समर्थ ने 25 गेंदों में 44 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर टीम ने शुरुआती 10 ओवरों में ही 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया।

नैनीताल की ओर से अदी खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और टीम को मुकाबले में बनाए रखा। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी नैनीताल टाइगर्स 6.1 ओवर में 3 विकेट पर 41 रन ही बना सकी थी कि बारिश ने फिर दस्तक दे दी।

लंबे इंतजार के बाद भी खेल शुरू नहीं हो सका और DLS नियम के अनुसार पिथौरागढ़ हरिकेन्स को विजेता घोषित कर दिया गया। शानदार बल्लेबाजी के लिए आंजनेय सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

लगातार तीन जीत के साथ पिथौरागढ़ की टीम अब अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंचकर फाइनल की सबसे मजबूत दावेदार बन गई है।

दिन का दूसरा मुकाबला भी बारिश की भेंट चढ़ा और इसे 5-5 ओवर का कर दिया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऋषिकेश रिवर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही और पहली ही गेंद पर विकेट गंवाना पड़ा।

हालांकि दीक्षांशु नेगी ने 8 गेंदों में 26 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को 5 ओवर में 73/4 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

74 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टिहरी टाइटंस ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले को एकतरफा बना दिया। कप्तान विजय शर्मा ने तूफानी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए केवल 17 गेंदों में नाबाद 56 रन ठोक दिए।

उनकी विस्फोटक पारी की बदौलत टिहरी ने 4.5 ओवर में ही 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।

बारिश के कारण लीग के छह मुकाबले पहले स्थगित कर दिए गए थे, जिन्हें अब 29 और 30 सितंबर को 10-10 ओवर के प्रारूप में खेला जाएगा। ऐसे में प्लेऑफ और फाइनल की दौड़ और भी रोमांचक हो गई है।

पिथौरागढ़ हरिकेन्स की लगातार जीत ने उन्हें मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है, जबकि टिहरी टाइटंस की धमाकेदार वापसी ने टूर्नामेंट में नई जान फूंक दी है। अब सभी टीमों की नजरें आगामी मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां हर जीत फाइनल का टिकट तय कर सकती है।