बिग ब्रेकिंग: जिला अस्पताल में रिश्वतखोरी का खुलासा, ऑर्थोपेडिक सर्जन रंगे हाथ गिरफ्तार

जिला अस्पताल में रिश्वतखोरी का खुलासा, ऑर्थोपेडिक सर्जन रंगे हाथ गिरफ्तार

रुद्रप्रयाग। जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में तैनात ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अंकुर ठाकुर को विजिलेंस की टीम ने 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी चिकित्सक पर एक व्यक्ति से विकलांगता प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में घूस मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग के भ्रष्टाचार विरोधी टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि जिला अस्पताल के ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अंकुर ठाकुर विकलांगता प्रमाण पत्र बनाने के लिए 5000 रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले की गोपनीय जांच कराई। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर देहरादून के निर्देशन में एक ट्रैप टीम का गठन किया गया।

मंगलवार को टीम ने अस्पताल परिसर में जाल बिछाया और शिकायतकर्ता से 5000 रुपये की रिश्वत लेते समय डॉ. अंकुर ठाकुर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

विजिलेंस ने आरोपी चिकित्सक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद टीम ने डॉक्टर के आवास पर भी छापेमारी की कार्रवाई की। वहां आय से अधिक संपत्ति और अन्य संभावित सुरागों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।