दीपावली पर आगजनी से निपटने को देहरादून तैयार, 23 संवेदनशील स्थलों पर रहेंगे फायर टैंकर
- दीपावली पर आग से निपटने को दून तैयार, 41 स्थानों पर पानी के टैंकर और 23 जगह तैनात रहेंगे फायर टैंकर
देहरादून। दीपावली पर्व पर आगजनी की संभावित घटनाओं को देखते हुए देहरादून में अग्नि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग ने जल संस्थान के साथ समन्वय स्थापित कर जनपद में 41 स्थानों पर पानी के टैंकरों की व्यवस्था की है। वहीं, शहर के 23 महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थलों पर फायर टैंकर तैनात रहेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में की गई तैयारियों के तहत अग्निशमन विभाग ने बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी ने बताया कि दीपावली के दौरान प्रत्येक तहसील के अंतर्गत आने वाले फायर स्टेशनों की ओर से बाजारों में दिन में तीन बार अग्निशमन वाहनों से गश्त की जा रही है।
इसका उद्देश्य संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखने के साथ आग लगने की सूचना मिलते ही तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करना है।
उन्होंने बताया कि जनपद में स्थापित फायर हाइड्रेंट की नियमित जांच और निगरानी की जा रही है। वर्तमान में 90 प्रतिशत से अधिक फायर हाइड्रेंट क्रियाशील हैं।
शेष को भी जल्द दुरुस्त कराने की कार्रवाई की जा रही है। विभाग का प्रयास है कि दीपावली के दौरान आगजनी की किसी भी घटना पर न्यूनतम समय में काबू पाया जा सके।
विद्युत उपकरणों के सुरक्षित इस्तेमाल की अपील
अग्निशमन विभाग ने व्यापारियों और आमजन से अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन करने की अपील की है। व्यापारियों को विद्युत उपकरणों और बिजली के लोड को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
दुकानों और प्रतिष्ठानों में निर्धारित क्षमता से अधिक विद्युत भार न लेने तथा बिजली के कनेक्शन और उपकरणों का सुरक्षित इस्तेमाल सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इसके अलावा बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह छोड़ने की अपील की गई है।
विभाग का कहना है कि जनसहयोग और सतर्कता से आगजनी की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। दीपावली के दौरान सुरक्षित अग्निशमन सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए विभागीय टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहेंगी।



