राजनीति: खटीमा में विकास की सौगात, रुद्रपुर में सियासी वार। धामी ने कांग्रेस-सपा को घेरा

खटीमा में विकास की सौगात, रुद्रपुर में सियासी वार। धामी ने कांग्रेस-सपा को घेरा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर जिले के दौरे के दौरान एक ओर विपक्षी दलों पर तीखे राजनीतिक हमले किए, तो दूसरी ओर अपने गृह क्षेत्र खटीमा को विकास कार्यों की सौगात दी।

रुद्रपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने खटीमा गोलीकांड और रामपुर तिराहा कांड का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को निशाने पर लिया।

वहीं, खटीमा में अपने बचपन के प्राथमिक विद्यालय का मॉडल स्कूल के रूप में लोकार्पण किया और करीब 14.97 करोड़ रुपये की लागत से खटीमा-सितारगंज रोड चौड़ीकरण कार्य का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया।

रामपुर तिराहा कांड को लेकर सपा पर निशाना

रुद्रपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के इतिहास का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि खटीमा गोलीकांड में सात आंदोलनकारियों की जान गई थी और कई लोग घायल हुए थे।

वहीं, रामपुर तिराहा कांड में मानवता को शर्मसार करने वाली घटनाएं हुई थीं। मुख्यमंत्री ने इसके लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए सपा नेता अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों के लिए रामपुर तिराहा कांड के जख्म आज भी ताजा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहकर उनका अपमान किया है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी निशाना साधा और हल्द्वानी की एक रैली में कथित तौर पर लगे नारों पर उनकी चुप्पी को लेकर सवाल उठाए।

कांग्रेस की न्याय यात्रा पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर झूठ और भ्रम की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस को न्याय यात्रा निकालने के बजाय अपने शासनकाल के लिए प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में विकास के बजाय घोटालों को बढ़ावा मिला। विपक्ष की राजनीति का आधार केवल विरोध करना और भ्रम फैलाना रह गया है।

राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ पर कटाक्ष करते हुए धामी ने कहा कि अब उनकी मोहब्बत की दुकान घाटे में चली गई है और झूठ की दुकान भी जल्द बंद हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है।

पंतनगर एयरपोर्ट, खुरपिया स्मार्ट सिटी और जमरानी बांध का जिक्र

मुख्यमंत्री ने जनसभा में प्रदेश सरकार के विकास कार्यों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की स्वीकृति मिल चुकी है।

ऊधम सिंह नगर के खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी का काम शुरू हो चुका है, जबकि जमरानी बांध परियोजना की बाधाएं दूर हुई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में भी कांग्रेस को प्रदेश की सत्ता में वापसी का मौका नहीं देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे युवक को पुलिस ने रोका

जनसभा के दौरान उस समय कुछ देर के लिए असहज स्थिति पैदा हो गई, जब अपनी फरियाद लेकर एक युवक मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचा। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे मुख्यमंत्री तक पहुंचने से रोकते हुए बाहर कर दिया।

इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मामला सामने आने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष मंच से नीचे उतरे और युवक के पास पहुंचकर उसकी बात सुनने का प्रयास किया।

गांधी पार्क से निकली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ यात्रा

जनसभा के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और विधायक शिव अरोरा सहित पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा में हिस्सा लिया।

यात्रा गांधी पार्क से शुरू होकर बाटा चौक, मेन बाजार, हरि मंदिर और काशीपुर बाईपास होते हुए अग्रसेन चौक पहुंची। इसके बाद यात्रा वापस गांधी पार्क पहुंचकर संपन्न हुई।

सीएम धामी ने अपने बचपन के स्कूल का किया लोकार्पण

खटीमा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने बचपन के स्कूल पहुंचकर पुरानी यादें ताजा कीं। नगला तराई स्थित प्राथमिक विद्यालय से ही मुख्यमंत्री ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की थी।

करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से सीएसआर मद के तहत इस विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस मॉडल प्राथमिक विद्यालय के रूप में विकसित किया गया है। मुख्यमंत्री ने विद्यालय का लोकार्पण कर इसे बच्चों को समर्पित किया।

विद्यालय में आईजीएल कंपनी की ओर से सीएसआर के तहत पांच कक्षों का निर्माण, हाईटेक कक्षाएं और सौंदर्यीकरण के कार्य कराए गए हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से मुलाकात की और उन्हें चॉकलेट तथा शिक्षण सामग्री वितरित की। बच्चों के साथ समय बिताते हुए उन्होंने अपने बचपन और स्कूल के दिनों की यादें भी साझा कीं।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगला तराई में करीब 65 लाख रुपये की लागत से कराए गए सौंदर्यीकरण और मंच निर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मॉडल स्कूल बनने से सीमांत क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।

सरकार प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने, स्मार्ट कक्षाएं स्थापित करने और बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के विकास और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

14.97 करोड़ से खटीमा-सितारगंज रोड का होगा चौड़ीकरण

मुख्यमंत्री धामी ने मंगलवार को खटीमा-सितारगंज रोड चौड़ीकरण परियोजना का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। करीब 14.97 करोड़ रुपये की लागत से मुख्य चौक से थारू विकास भवन तक लगभग ढाई किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि सड़क चौड़ीकरण से आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी। उन्होंने खटीमा को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।