उत्तराखंड में अपराध और हादसों की पांच बड़ी खबरें। एक क्लिक में आप भी पढ़ें….
देहरादून। उत्तराखंड में अपराध, हादसों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी पांच बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। देहरादून में सात वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ के मामले में वैन चालक को विशेष पॉक्सो कोर्ट ने पांच साल की सजा सुनाई है, तो पटेलनगर में छह साल की मासूम के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
वहीं, हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान ऑस्ट्रेलिया निवासी एनआरआई की डूबने से मौत हो गई। टिहरी में पुलिस की सतर्कता से शराब के नशे में बस चला रहे चालक की लापरवाही के चलते 28 यात्रियों की जान बच गई। दूसरी ओर, बागेश्वर में 16 दिन से लापता वरिष्ठ अधिवक्ता धीरेंद्र सिंह परिहार का शव नदी किनारे मिलने से सनसनी फैल गई है।
1. सात साल की बच्ची से छेड़छाड़, वैन चालक को पांच साल की सजा
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में स्कूल जाने वाली सात वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ के मामले में विशेष पॉक्सो कोर्ट ने आरोपी वैन चालक सलमान को दोषी करार देते हुए पांच साल के कारावास की सजा सुनाई है।
विशेष न्यायाधीश पॉक्सो कुसुम शाही की अदालत ने दोषी पर कुल 35 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। इसके साथ ही पीड़िता को एक लाख रुपये प्रतिकर देने के आदेश दिए हैं।
मामला 20 अक्टूबर 2022 का है। बच्ची के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी स्कूल जाने के लिए वैन से जाती थी। इसी दौरान सलमान भी वैन चलाने लगा।
आरोप था कि वह प्रेमनगर गेट पर दूसरी वैन का इंतजार करते समय बच्ची को करीब 20 से 25 मिनट अकेले रखता था और इस दौरान उसके साथ गलत हरकतें करता था।
बच्ची ने अदालत में बताया कि आरोपी उसे गलत तरीके से छूता था और विरोध करने पर गाली-गलौज करता था। वह माता-पिता को जान से मारने की धमकी देकर किसी को कुछ नहीं बताने का दबाव बनाता था। बच्ची के व्यवहार में बदलाव आने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई।
अदालत ने पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत पांच साल की कैद और 10 हजार रुपये जुर्माना, आईपीसी की धारा 354 में तीन साल की कैद और 10 हजार रुपये जुर्माना तथा धारा 504, 506 और 509 में दो-दो साल की कैद और प्रत्येक धारा में पांच-पांच हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी। नशीला पदार्थ देने और जबरन वसूली के आरोपों में पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर आरोपी को बरी कर दिया गया।
2. हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान ऑस्ट्रेलिया निवासी NRI की मौत
हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में परिजनों के साथ गंगा स्नान करने आए ऑस्ट्रेलिया निवासी 31 वर्षीय एनआरआई वास्तव मूर्ति की डूबने से मौत हो गई। मंगलवार दोपहर ठोकर नंबर 16 के पास स्नान करते समय वह गहरे पानी में चले गए और लापता हो गए।
जानकारी के अनुसार वास्तव मूर्ति अपने परिवार के सात सदस्यों के साथ हरिद्वार पहुंचे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे सभी गंगा घाट पर स्नान कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वास्तव को तैरना आता था और वह गंगा के बीच में जाकर स्नान करने लगे। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गए।
सूचना मिलने पर सप्तऋषि चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जल पुलिस को बुलाया। करीब चार घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद शाम लगभग पांच बजे कनखल क्षेत्र से उनका शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
3. शराब के नशे में 55 किलोमीटर तक दौड़ाई बस, 28 यात्रियों की जान खतरे में डाली
टिहरी जिले में लंबगांव पुलिस की सतर्कता से चारधाम यात्रियों से भरी एक बस संभावित दुर्घटना का शिकार होने से बच गई।
उत्तरकाशी से श्रीनगर गढ़वाल जा रही यात्री बस (UK 10PA 1010) के चालक को पुलिस ने चेकिंग के दौरान शराब के नशे में पकड़ा। चालक करीब 55 किलोमीटर तक नशे की हालत में बस दौड़ाता रहा, जिसमें 28 यात्री सवार थे।
मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे लंबगांव थाना पुलिस ने जय काशी विश्वनाथ सेवा की बस को संदिग्ध गतिविधियों के चलते रोका। एल्कोमीटर से जांच करने पर चालक के अत्यधिक शराब पीने की पुष्टि हुई।
बस में सवार यात्री कोलकाता और महाराष्ट्र के थे, जो चारधाम यात्रा पर निकले थे। पुलिस ने तत्काल बस को अपने कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और बस सीज कर दी। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए दूसरी बस की व्यवस्था कर उन्हें श्रीनगर के लिए रवाना किया गया।
लंबगांव थाना प्रभारी महिपाल सिंह रावत के अनुसार चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी की गई है। बस में चालक और परिचालक समेत कुल 30 लोग सवार थे।
4. पटेलनगर में छह साल की मासूम से दुष्कर्म, 15 वर्षीय किशोर हिरासत में
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र की लेबर कॉलोनी में छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि 15 वर्षीय विधि विवादित किशोर ने बच्ची को मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाने के बाद वारदात को अंजाम दिया।
घटना सोमवार देर शाम की बताई जा रही है। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक किशोर ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
आरोप है कि किशोर बच्ची को खेल-खेल में अपने साथ ले गया और मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किशोर को पकड़ लिया।
दोनों परिवार मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और देहरादून में मजदूरी करते हैं। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर किशोर को संरक्षण में भेज दिया है। पटेलनगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौर के अनुसार बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
5. 16 दिन से लापता वरिष्ठ अधिवक्ता का नदी किनारे मिला शव, बागेश्वर में सनसनी
बागेश्वर में 17 अक्टूबर से लापता चल रहे वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व नगरपालिका सभासद धीरेंद्र सिंह परिहार का शव मंगलवार को थुणाई के समीप नदी किनारे बरामद हुआ। 35 वर्षीय अधिवक्ता के शव मिलने की खबर से जिले में सनसनी फैल गई।
धीरेंद्र परिहार के अचानक लापता होने के बाद उनकी मां नंदी परिहार ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी।
इस दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। नुमाइशखेत क्षेत्र में कुछ सीसीटीवी कैमरों के तार काटे जाने और कैमरों को नुकसान पहुंचाने की घटना भी सामने आई थी।
सोमवार को अधिवक्ता का सुराग नहीं मिलने पर परिजनों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने एसबीआई तिराहे पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन में विधायक पार्वती दास भी शामिल हुई थीं। लोगों ने पुलिस से जल्द तलाश और मामले का खुलासा करने की मांग की थी।
मंगलवार को थुणाई के समीप नदी किनारे शव मिलने की सूचना पर पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीओ अजय शाह के अनुसार, 4 नवंबर को पुलिस अधीक्षक प्रेस वार्ता कर मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी देंगे। फिलहाल अधिवक्ता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।



