क्राइम अपडेट: सड़क हादसा, आत्मदाह और ससुराल में हमला, एक क्लिक में पढ़ें….

सड़क हादसा, आत्मदाह और ससुराल में हमला, एक क्लिक में पढ़ें….

देहरादून। उत्तराखंड में सोमवार का दिन कई दर्दनाक और सनसनीखेज घटनाओं के नाम रहा। हल्द्वानी में एक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, अल्मोड़ा में एक महिला ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर जान दे दी, जबकि रुद्रपुर में एक दामाद ने ससुराल में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया। इन तीनों घटनाओं ने प्रदेशभर में लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

हल्द्वानी में कैंटर की चपेट में आने से किशोरी की मौत

हल्द्वानी के शनि बाजार रोड पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मुरादाबाद निवासी 14 वर्षीय हादिया अपने मामा के घर छुट्टियां बिताने आई हुई थी। शाम के समय वह स्कूटी से घर लौट रही थी, तभी एक कैंटर की चपेट में आ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में किशोरी का सिर वाहन के पिछले टायर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साए लोगों ने कैंटर पर पथराव कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और वाहन को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अल्मोड़ा में महिला ने पेट्रोल छिड़ककर दी जान

अल्मोड़ा नगर क्षेत्र के विवेकानंद पुरी वार्ड में एक महिला द्वारा आत्मदाह किए जाने की घटना से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय लता साह अपने पति मोहित साह और बेटे के साथ रहती थीं।

सोमवार सुबह मोहित साह अपने बेटे को स्कूल छोड़ने गए थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने घर से धुआं उठता देखा और इसकी सूचना परिवार को दी। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयासों के बाद दरवाजा तोड़ा गया, लेकिन तब तक महिला गंभीर रूप से झुलस चुकी थी।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्मदाह की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

रुद्रपुर में दामाद का खूनी हमला, तीन घायल

उधम सिंह नगर जिले के पुलभट्टा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि जीशान नामक युवक अपनी ससुराल पहुंचा और धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हमले में उसके ससुर उस्मान, साला और साली गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी की पत्नी पिछले चार महीने से अपने मायके में रह रही थी और इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था।

परिजनों का आरोप है कि निकाह के बाद से ही आरोपी अपनी पत्नी को प्रताड़ित करता था। सोमवार को वह धारदार हथियार लेकर ससुराल पहुंचा और अचानक हमला कर दिया। घटना के दौरान उसकी पत्नी ने घर के भीतर छिपकर अपनी जान बचाई।

हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस कर रही जांच

तीनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सड़क हादसे में चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि आत्मदाह और हमले के मामलों में घटनाओं के कारणों की पड़ताल की जा रही है। एक ही दिन में सामने आई इन घटनाओं ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।