क्राइम रिपोर्ट: उत्तराखंड में अपराध और हादसों की बड़ी खबरें, एक क्लिक में आप भी पढ़ें….

उत्तराखंड में अपराध और हादसों की बड़ी खबरें, एक क्लिक में आप भी पढ़ें….

देहरादून। उत्तराखंड में अलग-अलग घटनाओं ने कानून-व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और पुलिस की कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। देहरादून नगर निगम में मेयर की कुर्सी पर बैठने वाले युवक को कर्मचारियों की पिटाई के बाद पुलिस ने हिरासत में लिया है।

रामनगर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से ऑटो सवार महिला की मौत हो गई, जबकि एक महिला का पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। हल्द्वानी के टांडा जंगल में दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की जान चली गई।

वहीं, हरिद्वार के सिडकुल में होटल में देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और दो महिलाओं को बरामद किया।

दूसरी ओर, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है। हाईकोर्ट में उनकी याचिका पर 3 नवंबर को सुनवाई होनी है।

नगर निगम में मेयर की कुर्सी पर बैठा युवक, कर्मचारियों ने की पिटाई

देहरादून नगर निगम में उस समय हंगामा हो गया, जब एक युवक मेयर के कार्यालय में पहुंचकर उनकी कुर्सी पर बैठ गया। आरोप है कि युवक पिछले करीब डेढ़ साल से समय-समय पर नगर निगम पहुंचकर इस तरह की हरकतें कर रहा था।

निगम कर्मचारियों के मुताबिक, वह पहले भी कर्मचारियों, होमगार्ड और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और हाथापाई कर चुका है।

ताजा घटनाक्रम में कर्मचारियों ने युवक को मेयर की कुर्सी पर बैठे देखा तो उसे कार्यालय से बाहर निकाला और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को कर्मचारियों से बचाकर हिरासत में लिया। इस दौरान युवक ने पुलिसकर्मियों पर भी हमला करने का प्रयास किया।

नगर निगम के सुपरवाइजर दीपक बडोनी के मुताबिक, युवक पहले भी कई बार ऐसी हरकतें कर चुका है। उसे पूर्व में पुलिस के हवाले भी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद उसकी गतिविधियां जारी रहीं।

एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि युवक मानसिक रूप से परेशान रहता है। उसे धारा चौकी लाया गया है और मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

रामनगर में तेज रफ्तार कार ने ऑटो को मारी टक्कर, महिला की मौत, दूसरी का पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त

नैनीताल जिले के रामनगर में नेशनल हाईवे-309 पर चिल्किया के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने सवारियों से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सड़क पर कई बार पलट गया। हादसे में 50 वर्षीय रुखसाना की मौत हो गई, जबकि चांदनी नाम की महिला का पैर एड़ी के पास से लगभग अलग हो गया। दुर्घटना में अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, खताड़ी निवासी रुखसाना अपने परिवार के सदस्यों के साथ ऑटो में सवार होकर पीरूमदारा में एक शादी समारोह में जा रही थीं। ऑटो में छोटे बच्चों समेत करीब 12 लोग सवार थे।

इसी दौरान चिल्किया के पास राइस मिल के नजदीक पीछे से आ रही कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

अस्पताल पहुंचे घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई। एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि चांदनी के पैर को बचाने के लिए चिकित्सक प्रयास कर रहे हैं।

अन्य घायलों को भी फ्रैक्चर हुए हैं। घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और ऑटो में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने के मुद्दे को सामने ला दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हल्द्वानी के टांडा जंगल में दो बाइकों की भिड़ंत, वीडीओ समेत दो युवकों की मौत

हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित टांडा जंगल में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एस-मोड़ से करीब 200 मीटर पहले हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना ओवरटेक करने के दौरान हुई।

मृतकों की पहचान 30 वर्षीय सौरभ बिष्ट निवासी मंगोलिया, कालाढूंगी और 28 वर्षीय राजू गुप्ता निवासी रम्पुरा, रुद्रपुर के रूप में हुई है। सौरभ बिष्ट बेतालघाट ब्लॉक में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात थे। वह अपने साथी बृजेश सती के साथ रुद्रपुर से हल्द्वानी आ रहे थे।

वहीं दूसरी बाइक पर सवार राजू गुप्ता अपने साढ़ू प्रेमशंकर शर्मा के साथ रिश्तेदारी में शादी का निमंत्रण कार्ड देने हल्द्वानी आए थे। वापस रुद्रपुर लौटते समय दोनों बाइकों की भिड़ंत हो गई।

हादसे में घायल बृजेश सती और प्रेमशंकर शर्मा का सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार चल रहा है। बृजेश की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

हरिद्वार के होटल में देह व्यापार का खुलासा, तीन गिरफ्तार, दो महिलाएं बरामद

हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और सिडकुल पुलिस की संयुक्त टीम ने एक होटल में छापेमारी कर कथित देह व्यापार का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान एक महिला और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके से दो पीड़ित महिलाओं को सकुशल बरामद किया गया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि सिडकुल क्षेत्र स्थित होटल में अवैध देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र रमोला के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने होटल में छापा मारा।

पुलिस के अनुसार, मौके पर अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। बरामद दोनों महिलाओं से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिलाओं को किन परिस्थितियों में इस गतिविधि में शामिल किया गया और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

गिरधारी लाल साहू की तलाश जारी, 3 नवंबर को हाईकोर्ट में अहम सुनवाई

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। उनके खिलाफ दर्ज मामले में अग्रिम जमानत याचिका देहरादून की एससी-एसटी एक्ट विशेष अदालत से खारिज हो चुकी है।

इसके बाद उन्होंने नैनीताल हाईकोर्ट का रुख किया, लेकिन 30 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान अदालत से उन्हें तत्काल कोई अंतरिम राहत नहीं मिली।

न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की एकलपीठ ने राज्य सरकार और शिकायतकर्ता रेखा आर्या को 3 नवंबर तक जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए थे। अब इस मामले में 3 नवंबर को अगली सुनवाई निर्धारित है। फिलहाल न तो एफआईआर निरस्त हुई है और न ही गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण मिला है।

दूसरी ओर, पुलिस गिरधारी लाल साहू की तलाश में दबिश दे रही है। बरेली और हल्द्वानी में तलाश के बावजूद उनका पता नहीं चल पाया है। उनके मोबाइल नंबर बंद होने और नेपाल की ओर जाने की आशंका को लेकर भी चर्चा है, हालांकि उनके नेपाल पहुंचने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस अब उनके करीबियों से भी पूछताछ कर रही है। सतेंद्र और कल्पना मिश्रा की भूमिका और उनके मौजूदा ठिकानों के संबंध में जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही कंपनियों के दस्तावेजों और कथित ऑडियो से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

इस पूरे प्रकरण में कथित 210 करोड़ रुपये की संपत्ति से संबंधित शिकायत और सतर्कता विभाग की जांच की स्थिति भी महत्वपूर्ण बनी हुई है। अब पुलिस की जांच और हाईकोर्ट की सुनवाई से इस मामले में आगे की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।