प्रदूषण नियमों पर कार्रवाई से लेकर हत्या, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था तक कई बड़े मामले
देहरादून। उत्तराखंड में बुधवार को प्रशासनिक कार्रवाई, अपराध और कानून व्यवस्था से जुड़े कई बड़े मामले सामने आए। नैनीताल के खुर्पाताल स्थित एक निजी रिजॉर्ट को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सील कर दिया, जबकि देहरादून में वाहन चोरी का खुलासा और RTO सब-इंस्पेक्टर पर कार्रवाई चर्चा में रही।
वहीं रुड़की के नशा मुक्ति केंद्र में युवक की हत्या और गदरपुर में कथित धर्म परिवर्तन मामले ने भी प्रदेश में हलचल बढ़ा दी है।
नैनीताल के खुर्पाताल स्थित “माउंटेन एंड स्की रिजॉर्ट” को उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PCB) ने सील कर दिया। बोर्ड की टीम ने पुलिस और विद्युत विभाग के सहयोग से कार्रवाई करते हुए रिजॉर्ट की बिजली सप्लाई भी बंद कर दी।
पीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी अनुराग नेगी के अनुसार दिसंबर 2024 में निरीक्षण के दौरान रिजॉर्ट का सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (STP) बंद मिला था, जिसके बाद नोटिस जारी किए गए थे।
बाद में रिजॉर्ट प्रबंधन ने प्लांट ठीक होने का दावा किया, लेकिन दोबारा जांच में वह संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद 28 अप्रैल को क्लोजर नोटिस जारी किया गया।
रिजॉर्ट स्वामी सचिन गुप्ता ने विभागीय पत्राचार की कमी का हवाला देते हुए कहा कि व्यावसायिक गतिविधियां बंद कर दी गई हैं और अब उन्हें नियमों के अनुपालन का अवसर दिया जाए। मामले में उच्च न्यायालय ने होटल प्रबंधन को दो सप्ताह में जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।
उधर देहरादून के सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री के बाहर खड़ी कंपनी की मारुति वैन चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान मोनू उर्फ राहुल राणा के रूप में हुई है, जो पौड़ी गढ़वाल का रहने वाला है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को दबोचकर चोरी की गई वैन बरामद कर ली।
राजधानी देहरादून में परिवहन विभाग भी विवादों में आ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद RTO के सब-इंस्पेक्टर शशिकांत तेंगोवाल को अवैध वसूली के आरोप में निलंबित कर दिया गया।
हर्रावाला क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट कारोबारियों ने उन पर चेकिंग के नाम पर वसूली का आरोप लगाया था। कथित “रेट कार्ड” वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच के बाद अपर परिवहन आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से निलंबन आदेश जारी कर दिए हैं।
इधर रुड़की के भंगेड़ी स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक आशीष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। युवक का शव बाथरूम में मिला और उसके गले पर धारदार हथियार के निशान पाए गए।
पुलिस का शक है कि वारदात केंद्र के अंदर ही किसी व्यक्ति ने अंजाम दी। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि संचालक और अन्य मरीजों से पूछताछ की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
उधम सिंह नगर के गदरपुर क्षेत्र में कथित धर्म परिवर्तन और अवैध प्रार्थना सभागार संचालन के मामले में भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर भवन पर नोटिस चस्पा किया और जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा ने बताया कि भूमि उपयोग और गतिविधियों की वैधता की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई होगी।
वहीं देहरादून के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में बीच सड़क युवक पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किए जाने का वीडियो सामने आया है।
गंभीर रूप से घायल युवक अस्पताल में भर्ती है। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने निखिल सूद, भरत चौधरी, आकाश मलिक समेत कई आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

