मोरी में अवैध अफीम खेती पर बड़ा प्रहार। 31 भू-स्वामियों पर NDPS एक्ट में केस, 75 वर्ग मीटर फसल नष्ट
- “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत उत्तरकाशी में प्रशासन का कड़ा एक्शन, सुदूर गांव में छापेमारी से मचा हड़कंप
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जनपद के मोरी क्षेत्र में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम (पोस्त) की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया।
पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने सुदूरवर्ती ग्राम पेन्सर (कनुरा तोक मार्ग) में छापेमारी कर लगभग 75 वर्ग मीटर क्षेत्र में उगाई जा रही प्रतिबंधित फसल को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
यह कार्रवाई “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट के पर्यवेक्षण में 3 मई को अंजाम दी गई। दूरस्थ इलाके में अचानक हुई इस दबिश से अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि संबंधित भूमि पर बिना किसी वैध लाइसेंस के अफीम की खेती की जा रही थी। टीम ने मौके से पौधों और डंठलों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं, ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया को मजबूत किया जा सके।
पुलिस ने इस मामले में 31 भू-स्वामियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 8/18 के तहत थाना मोरी में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस संयुक्त अभियान में तहसीलदार मोरी, थानाध्यक्ष मोरी, कानूनगो, राजस्व उपनिरीक्षक समेत पुलिस और राजस्व विभाग की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा।
साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
अधिकारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में इस तरह की कार्रवाई और व्यापक स्तर पर जारी रहेगी, ताकि देवभूमि को नशे के जाल से पूरी तरह मुक्त किया जा सके।

