बड़ा हादसा: 23 यात्रियों से भरे टेम्पो ट्रैवलर का हुआ ब्रेक फैल। पांच यात्री घायल

23 यात्रियों से भरे टेम्पो ट्रैवलर का हुआ ब्रेक फैल। पांच यात्री घायल

उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक टेम्पो ट्रैवलर नगुन–सुवाखोली मोटरमार्ग पर हादसे का शिकार हो गया। नागराजा धार के पास ब्रेक फेल होने से वाहन अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकरा गया।

गनीमत रही कि वाहन सड़क के बाहर खाई की ओर जाने के बजाय अंदर की नाली में फंस गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस के अनुसार, वाहन संख्या HR 65A 0859 में सवार सभी यात्री दिल्ली के निवासी हैं। ये यात्री 30 अप्रैल की शाम दिल्ली से गंगोत्री धाम के लिए निकले थे और रात में मसूरी में रुकने के बाद 1 मई की सुबह आगे की यात्रा पर निकले थे। इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई।

घटना की सूचना दोपहर करीब 2:10 बजे डायल 112 के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही थाना छाम पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस टीम ने घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल चिन्यालीसौड़ पहुंचाया।

हादसे में पांच यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कपिल अरोड़ा (53 वर्ष), डिम्पी (40 वर्ष), ध्रुव (22 वर्ष), नीता (53 वर्ष) और प्रेम दास शामिल हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना के समय वाहन में कुल 23 यात्री सवार थे। अन्य यात्रियों को सुरक्षित निकालकर दूसरे वाहन से उनके गंतव्य की ओर भेज दिया गया।

पुलिस ने चालक जगजीत सिंह (निवासी कुरुक्षेत्र, हरियाणा) से पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि वाहन के ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ।

पुलिस ने बताया कि समय रहते राहत कार्य शुरू होने और वाहन के खाई में न गिरने से एक बड़ा हादसा टल गया।