टिहरी हादसा और विकासनगर अपहरण कांड से सनसनी। 8 की मौत, किशोरी लापता
देहरादून। उत्तराखंड में एक ओर चारधाम यात्रा मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया, तो दूसरी ओर विकासनगर क्षेत्र में किशोरी के अपहरण की घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चारधाम मार्ग पर दर्दनाक हादसा, 8 की मौत
टिहरी गढ़वाल जिले में चंबा-कोटी रोड पर नैल के पास एक पिकअप वाहन गहरी खाई में गिर गया। इस भीषण हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग हरिद्वार में एक परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और दुर्गम क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका वाहन के अनियंत्रित होने की जताई जा रही है।
विकासनगर में 15 वर्षीय किशोरी का अपहरण, तीन नामजद
देहरादून के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र से 15 वर्षीय किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पीड़िता के पिता के अनुसार, किशोरी 20 अप्रैल की रात घर में सोई थी, लेकिन सुबह गायब मिली। जांच के दौरान मोबाइल से चौंकाने वाली जानकारी सामने आई रात करीब 1:20 बजे किशोरी के फोन-पे से 5 हजार रुपये समीर नामक युवक के खाते में ट्रांसफर किए गए, जिसे बाद में अलताफ नाम के व्यक्ति को भेज दिया गया।
पड़ताल में सामने आया कि जीवनगढ़ निवासी साकिर नामक युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि इस पूरी वारदात में समीर और अलताफ ने उसकी मदद की।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही, मुख्य आरोपी के परिवार के सदस्यों मां और बहन की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस का कहना है कि किशोरी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। इन दोनों घटनाओं ने राज्य में सुरक्षा, सड़क व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं।
नोट:- (खबर अपडेट की जा रही है, ताजा जानकारी के लिए जुड़े रहें)

