धार्मिक: चारधाम में आस्था का महासैलाब। रानी मुखर्जी ने किए बाबा केदार के दर्शन, 56 लाख के पार पहुंची यात्रा

चारधाम में आस्था का महासैलाब। रानी मुखर्जी ने किए बाबा केदार के दर्शन, 56 लाख के पार पहुंची यात्रा

देहरादून। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा अंतिम चरण में पहुंचते-पहुंचते नए रिकॉर्ड बना रही है। एक ओर बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी ने केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पहुंचकर दर्शन किए, वहीं दूसरी ओर चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या 56.89 लाख के पार पहुंच गई है।

पितृ पक्ष के चलते बदरीनाथ धाम और ब्रह्मकपाल में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच केदारनाथ हेली सेवा के अंतिम चरण के लिए 9 अक्टूबर से टिकट बुकिंग भी शुरू हो रही है।

रानी मुखर्जी ने केदारनाथ धाम में बाबा केदार के दर्शन कर पूर्वजों की स्मृति में विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। केदारपुरी की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक वातावरण की सराहना करते हुए उन्होंने इसे “स्वर्ग के समान” बताया।

उधर, चारधाम यात्रा ने इस वर्ष नया इतिहास रच दिया है। पर्यटन विभाग के अनुसार अब तक 56.89 लाख से अधिक श्रद्धालु चारों धामों में दर्शन कर चुके हैं।

इनमें बदरीनाथ में 19.13 लाख, केदारनाथ में 16.78 लाख, गंगोत्री में 9.09 लाख और यमुनोत्री में 8.10 लाख श्रद्धालु पहुंचे हैं। वहीं हेमकुंड साहिब में भी 3.75 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मत्था टेका है। यात्रा समाप्त होने तक यह आंकड़ा 60 से 65 लाख तक पहुंचने का अनुमान है।

पितृ पक्ष के चलते बदरीनाथ धाम स्थित ब्रह्मकपाल में पिंडदान और तर्पण के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। अब तक करीब 1.50 लाख श्रद्धालु पितृ कर्मों के लिए बदरीनाथ पहुंचे हैं, जबकि पूरे यात्रा सीजन में बदरीनाथ धाम में दर्शन करने वालों की संख्या 19 लाख के पार पहुंच चुकी है।

केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर यह है कि 16 अक्टूबर से 9 नवंबर तक की हेली सेवा के टिकटों की बुकिंग 9 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से शुरू होगी।

श्रद्धालु केवल आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से टिकट बुक कर सकेंगे। प्रशासन ने फर्जी वेबसाइटों और अनधिकृत एजेंटों से सावधान रहने की अपील की है।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित केदारनाथ दौरे को लेकर भी तैयारियां तेज हो गई हैं। केदारपुरी को विशेष सजावट, सुरक्षा इंतजाम और धार्मिक कार्यक्रमों के लिए तैयार किया जा रहा है।

बदरी-केदार मंदिर समिति का कहना है कि प्रधानमंत्री के संभावित आगमन को लेकर सभी व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है।